इलाहाबाद (ब्यूरो)। पंचायत चुनाव ग्रामीण इलाकों में होना है, लेकिन फजीहत शहरियों की हो रही है। शनिवार को पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन के दौरान भी आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। प्रत्याशी जुलूस और वाहनों का लंबा काफिला लेकर नामांकन कराने पहुंचे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जुलूस के कारण जाम लग जाने से मेयोहाल चौराहा, मनमोहन पार्क और आनंद हॉस्पिटल के आसपास जबर्दस्त समस्या रही।
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन जिला पंचायत परिसर में हो रहा है। दूसरे चरण के तहत शनिवार को वहां शंकरगढ़, कौंधियारा, जसरा, चाका और कौड़िहार ब्लॉक से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशी नामांकन कराने पहुंचे। बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के पहुंचने और साथ में जुलूस एवं वाहनों का लंबा काफिला होने से जिला पंचायत के चारों ओर जाम की स्थिति पैदा हो गई।
दिन में 11 बजे के आसपास हालात काफी बदतर हो गए। जिला पंचायत की ओर जाने वाले वाहनों को मेयोहाल चौराहा और आनंद हॉस्पिटल चौराहे पर रोक कर वापस कर दिया गया। उसी वक्त अधिवक्ता कचहरी, कर्मचारी कार्यालय जाते हैं और तमाम स्कूलों की भी छुट्टी होती है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी साधना सिंह, बसपा समर्थित उम्मीदवार विक्रमाजीत पटेल और एक अन्य प्रत्याशी राजेश्वरी पटेल सहित तमाम उम्मीदवारों के वाहनों का काफिला सड़कों पर आड़ा-तिरछा खड़ा रहा जबकि नामांकन के दौरान वाहनों का जुलूस और वाहनों का काफिला प्रतिबंधित है। भाजपा प्रत्याशी के साथ तो पार्टी पदाधिकारियों को लंबा-चौड़ा जुलूस भी था। साथ ही बीन की धुन पर जमकर डांस भी हुआ और आचार संहिता तार-तार होती रही। प्रत्याशियों के वाहनों और जुलूस के कारण चारों ओर ट्रैफिक ठप हो गया। जिला पंचायत की ओर जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक रोक दिए जाने से अन्य मार्गों पर भीड़ बढ़ गई। ऐसे में स्टेनली रोड के साथ मनमोहन पार्क एवं कचहरी रोड पर जबर्दस्त जाम लग गया। स्कूलों की छुट्टी होने से भी स्थिति गड़बड़ हो गई। जाम के कारण बच्चे भी परेशान हो गए।
000
‘मुझे शिकायत मिली है कि जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन के दौरान एक प्रत्याशी के साथ लंबा जुलूस भी था और बीन की धुन पर डांस किया जा रहा था। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। इस मामले में प्रत्याशी को नोटिस जारी कर दिया गया है। इस पर हुआ व्यय प्रत्याशी के चुनाव खर्च में जोड़ा जाएगा।’
संजय कुमार, जिलाधिकारी