मांडारोड विद्युत उपकेंद्र से जुड़े फचकरा गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर दो दिन पहले फिर जल गया। बिजली बाधित रहने से ग्रामीणों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समाजसेवी प्रशांत कुमार ने बताया कि ओवरलोड या तकनीकी खामी के कारण बीते 10-12 दिनों में ट्रांसफार्मर तीन बार फुंक चुका है। हर बार शिकायत के बाद विभाग ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल करता है लेकिन 24 से 48 घंटे के भीतर ही वह फिर जल जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। गांव के वीरेंद्र कुमार, अवधेश, अर्जुन, फूलचंद्र, अमरनाथ आदि ने जला ट्रांसफार्मर तत्काल बदलकर आपूर्ति बहाल कराने और बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने के कारणों की जांच कर स्थायी समाधान करने की मांग की है। एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी। साथ ही लगातार ट्रांसफार्मर फुंकने के कारणों की जांच कर खामी दूर की जाएगी।