बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से प्रदेश के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अंतर्जनपदीय तबादले की प्रक्रिया लॉकडाउन के बाद शुरू हो सकती है। विभागीय सूत्रों की मानें तो तीन मई को लॉकडाउन खुलने के सत्यापन प्रक्रिया पूरी होते ही स्थानांतरण शुरू कर दिए जाएंगे।
मार्च के अंत में सचिव बेसिक शिक्षा परिषद के अवकाश ग्रहण करने और 20 मार्च से लगातार पूरे देश एवं प्रदेश में लॉकडाउन लागू होने के चलते अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। विभाग की ओर से सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को स्थानांतरण के लिए आवेदन करने वाले सभी शिक्षकों का सत्यापन करने को कहा गया था। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होती, इससे पहले कोरोना महामारी के प्रकोप के चलते इसे रोक दिया गया। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मानें तो तीन मई को लॉकडाउन पूरा होने के बाद ही स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होगी।