केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर छात्रों को नदियों के बारे में जानकारी देने और उनकी प्रतिभा को परखने के लिए ‘गंगा क्वेस्ट’ का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 22 अप्रैल से शुरू होकर 22 मई तक चलेगा। सीबीएसई स्कूलों से जुड़े छात्र इस प्रतियोगिता में ऑनलाइन शामिल हो सकते हैं। नेशनल मिशन फ़ॉर क्लीन गंगा और सीबीएसई की ओर से आयोजित अभियान का मकसद विद्यार्थियों में गंगा नदी के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।
ऑनलाइन 'गंगा क्वेस्ट' क्विज के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने की अंतिम तिथि 22 मई है। प्रतियोगिता के समापन वाले दिन 22 मई को विश्व जैव विविधता दिवस है। विजेताओं की घोषणा पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर की जाएगी। प्रतियोगिता से जुड़ीं सभी तिथियां पर्यावरण से संबंधित विशेष दिन को समर्पित हैं। इस प्रतियोगिता में 10 साल या उससे अधिक उम्र के छात्र शामिल हो सकते हैं। ट्री क्रेज फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित गंगा क्वेस्ट प्रतियोगिता का मकसद 'नमामि गंगे' में छात्रों की भागीदारी बढ़ाना और बच्चों के बीच नदियों और गंगा संरक्षण का जज्बा पैदा करना है।