प्रयागराज से गोरखपुर जाने वाली चौरी चौरा एक्सप्रेस, नौतनवा दुर्ग एक्सप्रेस, अहमदाबाद एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में अब इंजन बदलने की जरूरत नहीं होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रयागराज से गोरखपुर रेल मार्ग का अब पूरी तरह से अब विद्युतीकरण हो गया है।
सीआरएस ने भी इस रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन ट्रेन चलाने की अनुमति दे दी है। पिछले दिनों ही सीआरएस ने इस रूट पर विद्युतीकरण का निरीक्षण करने के साथ ही स्पीड ट्रायल भी लिया। इस दौरान इलेक्ट्रिक इंजन को अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाया गया।
सीआरएस निरीक्षण के बाद इस रूट से विद्युत इंजन के ट्रेनों के परिचालन की अनुमति दे दी गई। पूर्वोत्तर रेलवे इससे बड़ी उपलब्धि मान रहा है। दरअसल, इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों के इंजन प्रयागराज जंक्शन या वाराणसी में बदलने पड़ते थे।
ऐसा इसलिए क्योंकि इन स्टेशनों पर आने वाली ट्रेनें विद्युतीकरण वाले रूट से आती थीं और उनमें इलेक्ट्रिक इंजन लगा रहता है। गोरखपुर जाने के लिए संबंधित ट्रेनों में डीजल इंजन लगाना पड़ता था, जो अब नहीं लगेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक इंजन लगने के बाद अब प्रयागराज से गोरखपुर के बीच ट्रेनों के समय में काफी सुधार भी आएगा।
उन्होंने बताया कि जब भी ट्रेनों की शुरुआत होगी तो इस रूट पर प्रयागराज की ओर से आने वाली चौरी चौरा एक्सप्रेस, नौतनवा एक्सप्रेस, पुणे गोरखपुर एक्सप्रेस काशी एक्सप्रेस, अहमदाबाद एक्सप्रेस आदि ट्रेनें विद्युत इंजन से ही चलाई जाएंगी।