दिवाली पर घर आने वालों की भीड़ सफर के दौरान नजर आने लगी है। शनिवार से सोमवार तक तीन दिन की छुट्टी मिलने की वजह से ज्यादातर लोगों ने शुक्रवार से ही अपने गंतव्य की राह पकड़नी शुरू कर दी।
दिवाली पर घर आने वालों की भीड़ सफर के दौरान नजर आने लगी है। शनिवार से सोमवार तक तीन दिन की छुट्टी मिलने की वजह से ज्यादातर लोगों ने शुक्रवार से ही अपने गंतव्य की राह पकड़नी शुरू कर दी। इसका असर यह रहा कि प्रयागराज जंक्शन समेत अन्य रेलवे स्टेशनों पर आने वाली ट्रेनों में खचाखच भीड़ रही। दिल्ली और मुंबई से आने वाली ट्रेनों में काफी संख्या में लोग प्रयागराज पहुंचे। वहीं, कई शहरों की फ्लाइटों में बीते दो से तीन दिन में किराया आसमान छूने लग गया है।
विज्ञापन
जितनी भीड़ यहां आने वालों की है, उतनी ही भीड़ यहां से रवाना होने वाली ट्रेनों में नजर आ रही है। रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया है लेकिन सभी में अब लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है। प्रयागराज एक्सप्रेस हो या फिर हमसफर एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, शिवगंगा, नंदन कानन, सीमांचल एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें पूरी तरह भरी हुई आ रही हैं।
प्रयागराज एक्सप्रेस से सुबह जंक्शन पहुंचे नीरज अग्रवाल ने बताया एसी कोच में काफी संख्या में वेटिंग लिस्ट वाले यात्री घुस गए थे। इससे हम लोगों को असुविधा हुई।
विज्ञापन
वहीं, दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू की फ्लाइटों में सबसे ज्यादा बुकिंग हुई है। शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली से प्रयागराज का किराया 15 हजार रुपये से कम का नहीं है। इसी तरह बंगलूरू और मुंबई से यहां का किराया 20 हजार के ऊपर पहुंच गया है। कमोवेश यही स्थिति हैदराबाद और भुवनेश्वर से आने वाली फ्लाइट की भी है।