रात में कोहरा कम होने के बाद भी ट्रेनों की लेटलतीफी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को प्रयागराज एक्सप्रेस पौने तीन घंटे की देरी से पहुंची। संगम एक्सप्रेस पांच घंटे, महानंदा 18 घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल 15 घंटे, स्वतंत्रता सेनानी 12.30 घंटे और 19 घंटे, नार्थईस्ट 17 घंटे की देरी से पहुंची। इसके साथ ही कालका मेल, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, महाबोधि, पूर्वा, सरयू, नौचंदी, रीवांचल, शिवगंगा समेत 45 से ज्यादा ट्रेनें देर से चलीं। संगम एक्सप्रेस पुटबैक होकर रात करीब पौने आठ बजे रवाना की गई। उधर, हावड़ा-श्रीगंगा नगर तूफान एक्सप्रेस शनिवार को निरस्त कर दी गई। सो, रविवार की सुबह यह ट्रेन जंक्शन नहीं आएगी।
इलाहाबाद जंक्शन पर रेलवे प्रशासन ने अवैध कुलियों की धरपकड़ की कार्रवाई शुरू की है। शुक्रवार से शुरू की गई धरपकड़ में करीब दर्जनभर कुली पकड़े गए। आरोप है कि पकड़े गए कुली लाल कपड़ा पहनकर गलत बिल्लों और लाइसेंस पर काम कर रहे हैं। यह यात्रियों से भी कहासुनी करते रहते हैं। सीएमआई, टीटीई और आरपीएफ की ओर से इनके लाइसेंस की जांच की जा रही है। पकड़े गए कुलियों के लाइसेंस की जांच की जा रही है।