शाहगंज स्थित लीडर रोड पर हुई घटना, मचा रहा हड़कंप
दवा व्यापारियों ने लगाया परेशान करने का आरोप
प्रयागराज। शाहगंज स्थित लीडर रोड पर शनिवार को दुकानों के बाहर खड़े वाहनों का चालान काटने पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तीखा विरोध झेलना पड़ा। आक्रोशित व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों का घेराव कर दिया। जिसके बाद उन्हें वहां से लौटना पड़ा।
घटना शाम 6.30 बजे के करीब हुई। लीडर रोड पर स्थित दवा की दुकानों के बाहर ग्राहकों के वाहन खड़े थे। कुछ दुकानों के बाहर मालवाहक वाहन खड़े थे जिनसे दवाएं उतारकर दुकानों में रखी जा रही थी। इसी दौरान वहां ट्रैफिक पुलिस का एक दरोगा व एक सिपाही पहुंच गए और मोबाइल से तस्वीर खींचकर वाहनों का चालान करने लगे। एक व्यापारी ने इसका विरोध किया और फिर दरोगा से उसकी नोकझोंक होने लगी। शोरगुल सुनकर आसपास के दवा व्यापारी भी जुट गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों को घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों के सूचना देने पर वहां ट्रैफिक पुलिस के कई और कर्मचारी पहुंचे लेकिन व्यापारियों का आक्रोश देखकर वह भी बैकफुट पर ही रहे। व्यापारियों की नाराजगी बढ़ती ही जा रही थी और यही वजह रही कि कुछ देर बाद ट्रैैफिक पुलिसकर्मी वहां से खिसक लिए। दवा व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों के वाहन सड़क किनारे खड़े थे। साथ ही मालवाहकों से दुकानों में दवाएं उतारी जा रही थीं। बताने के बावजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी चालान काट रहे थे। इसी को लेकर उन्होंने विरोध किया। उधर इलाहाबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल दुबे ने बताया कि लीडर रोड पर यातायात सुचारू रखने में दवा व्यापारी हमेशा सहयोग करते रहे हैं। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ओर से व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
लीडर रोड स्थित एक होटल के बाहर गलत तरीके से दो वाहन खड़े थे जिनकी वजह से जाम लग रहा था। इसी सिलसिले में कार्रवाई करने पर विरोध हुआ। होटल मालिक का कहना था कि पार्किंग का इंतजाम कराया जाए। फिलहाल दोनों वाहनों का चालान कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद पुलिसकर्मी वापस चले आए।
कुलदीप सिंह, एसपी ट्रैफिक