बीस मिनट की बारिश और घंटों लगा जाम
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मंगलवार को मानसून ने प्रयागराज में अपनी दस्तक दे दी। पहले दिन करीब 7.8 मिलीलीटर ही बारिश हुई लेकिन इस थोड़ी देर की बारिश के बाद शहर के कई इलाके घंटों जाम से जूझते रहे। इसके साथ ही बारिश के बाद हुई उमस ने लोगों के पसीने छुड़ाए दिए। इसके साथ ही पानी निकासी व्यवस्था की कलई भी खुल गई।
आज सुबह से ही बादलों ने आसमान में डेरा डाला हुआ था। दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके बाद रिमझिम बरसात शुरू हो गई। अभी तक गर्मी से परेशान शहरियों को इससे काफी राहत मिली। लेकिन, कुछ मिनटों की बारिश के बाद शहर में जगह-जगह जाम लग गया। सड़कों पर पानी भर गया। सिविल लाइंस में स्ट्रैची रोड, डाकघर के पास, पीवीआर सिनेमाघर के पास, मदन मोहन मालवीय चौराहा, एलआईसी चौराहा, सोहबतिबाग तिराहा, जानसेनगंज डॉट पुल के नीचे की सड़क लबालब हो गई। आटो सेल्स चौराहा, विवेकानंद चौराहा एवं म्योहाल चौराहे पर काफी देर तक लोग जाम से निकलने के लिए जूझते रहे। जानसेनगंज में बिजलीघर के पास तक घंटों जाम लगा रहा। स्कूलों की भी छुट्टी हो जाने से बच्चे भी जाम में परेशान हुए। बारिश खत्म होने के करीब दो घंटे बाद धीरे-धीरे सड़क से पानी निकल सका।
जोरदार बारिश के लिए अभी कुछ दिन का इंतजार और
मंगलवार को मानसून ने भले प्रयागराज में दस्तक दे दी हो लेकिन, मौसम विज्ञानियों की मानें तब शहर में मानसून की जोरदार बारिश के लिए अभी पांच जुलाई तक इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक गंगा यमुना के मैदानी क्षेत्र से उठने वाली हवाओं के प्रभावशाली होने से मानसून यहां तक पहुंचेगा। पश्चिम बंगाल में दक्षिणी-पश्चिमी मानसूनी हवाएं सक्रिय हैं लेकिन उनके असंतुलित होने एवं आर्द्रता का साथ न मिलने से जोरदार बारिश का प्रभाव नहीं बन रहा। स्थानीय कारक एवं नमी सामान्य हुई तब पांच जुलाई तक जोरदार बारिश होने की उम्मीद है। मंगलवार को करीब आधे घंटे तक बारिश हुई लेकिन उसके बाद उमस से लोग पूरे दिन परेशान रहे। पूरे दिन गर्मी में भी कोई कमी नहीं आई। आज अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ जबकि आर्द्रता 94 रही। आर्द्रता के उच्च स्तर पर पहुंच जाने की वजह से लोगों का उमस के मारे बुरा हाल रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है मौसम में आर्द्रता बनी रही और वातावरण में बादल टिके तो कुछ दिनों के भीतर ही जोरदार बारिश की उम्मीद है।
मामूली बारिश में भी सहमे निचले इलाकों के लोग
आज मानसून की पहली शुरूआती बारिश रही। करीब बीस मिनट तक हल्के अंदाज में हुई बारिश देखकर ही निचले इलाकों के लोग सहम उठे। अल्लापुर, न्यू बैहरना, सोहबतियाबाग, किदवई नगर, एलआईसी कॉलोनी आदि मोहल्लों में इतनी बारिश के बाद ही नाले भर उठे। यहां सड़कों तक पानी आ गया। स्थानीय लोगों को लगा कि कुछ समय बारिश हुई तब नाले बैक फ्लो होना शुरू हो जाएंगे। कुछ देर बाद बारिश खुद बंद हो गई लेकिन इतनी बारिश ने ही नगर निगम के इंतजामों की कलई खोल दी। पार्षद कमलेश सिंह ने नगर आयुक्त से पंपिंग स्टेशनों की व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग की है।