खुल्दाबाद थाने में बुधवार को कार सवार लोगों ने जमकर हंगामा मचाया। थाने में ही एक ट्रैफिक सिपाही और क्रेन ड्राइवर को पीटकर वह कार छुड़ा ले गए। घटना का पता चलते ही हड़कंप मच गया। कार की तलाश हुई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। गाड़ी नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, स्टेशन के पास बुधवार को एक कार नो पार्किंग एरिया में खड़ी थी। सूचना पर ट्रैफिक की क्रेन का ड्राइवर गाड़ी खुल्दाबाद थाने उठा लाया। गाड़ी मालिक तथा उसके साथियों को इस बात की जानकारी हुई तो वह खुल्दाबाद थाने पहुंच गए।
वहां ट्रैफिक के सिपाही ने उनसे जुर्माना भरने को कहा तो वह लड़ने पर आमादा हो गए। उन्होंने क्रेन के ड्राइवर को पीटना शुरू कर दिया। ट्रैफिक सिपाही उसे बचाने गया तो उसे भी पीटा गया। इसके बाद वह जबरन कार लेकर वहां से चले गए।
इसके बाद खुल्दाबाद पुलिस को सूचना दी गई। कार की तलाश में वायरलेस किया गया और चेकिंग शुरू हो गई लेकिन गाड़ी को पकड़ा नहीं सका था। इंस्पेक्टर खुल्दाबाद विनीत सिंह ने बताया कि कार नंबर के आधार मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।