वहीं, दूसरी ओर ऑटो सेक्टर में भी अन्य दिनों के मुकाबले वाहनों के शोरूम में ग्राहकों की ज्यादा चहल पहल होने की उम्मीद है। सरस्वती मोटर्स के अंकित राज श्रीवास्तव ने बताया कि मारुति की तमाम कारों की डिमांड बरकरार है। कुछ लोगों ने बुकिंग भी करवाई है। डी हुंडई के देवर्षि अग्रवाल ने बताया कि कार बाजार इधर अच्छा जा रहा है। चार पहिया बाजार में हुंडई की अपनी अलग पहचान है। इस वजह से हुंडई की कारों की डिमांड बढ़ती जा रही है। कहा कि पुष्य नक्षत्र पर भी आम दिनों के मुकाबले ज्यादा चहल पहल हो सकती है। उधर दो पहिया वाहन बाजार में भी लोगों ने बाइक की एडवांस बुकिंग करवाई है।
इलेक्ट्रानिक्स बाजार में दिया जा रहा कैशबैक ऑफर
इलेक्ट्रानिक्स बाजार की बात करें तो टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन आदि की बृहस्पतिवार को अच्छी खरीदारी की उम्मीद कारोबारियों ने जताई है। सिविल लाइंस स्थित केके सेल्स के प्रोपराइटर केके श्रीवास्तव ने बताया कि सभी उत्पादों पर कैशबैक ऑफर दिया जा रहा है। 43 एवं 55 इंच वाली एलईडी टीवी की डिमांड ज्यादा है। एआई बेस्ड फ्रिज को भी लोग खरीद रहे हैं।
इसके अलावा एप्पल डिवाइस की भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। इसी तरह मेगा इलेक्ट्रानिक्स के विजय अग्रवाल ने कहा कि वॉशिंग मशीन, फ्रिज, एलईडी टीवी के अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कारोबारी विपिन गुप्ता ने बताया कि पुष्य नक्षत्र पर आई फोन एवं लैपटॉप को लेकर लोगों मेें क्रेज है। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल का कहना है कि बृहस्पतिवार को पुष्य नक्षत्र के मौके पर 150 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हो संगमनगरी में हो सकता है।