प्रयागराज। कांवड़ यात्रा के दौरान लोगों को जाम से छुटकारा दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने खास रणनीति बनाई है। वाहनों की आवाजाही के लिए शास्त्री पुल पर बनाए गए एकल मार्ग पर वाहनों को खड़ा करना प्रतिबंधित कर दिया गया है। सावन माह के दौरान कोई भी वाहन सड़क पर खड़ा होते पाया गया तो यातायात पुलिस उसे सीज कर देगी। यही नहीं, मालिक से वाहन टो करने का अतिरिक्त चार्ज भी वसूला जाएगा।
विज्ञापन
सावन माह को देखते हुए यातायात पुलिस 12 जुलाई से ट्रैफिक डायवर्जन करने जा रही है। यह डायवर्जन प्रत्येक प्रमुख दिवस से दो दिन पूर्व व एक दिन बाद तक लागू रहेगा। यातायात प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष जाम लगने का सबसे बड़ा कारण एकल मार्ग पर वाहनों का खड़ा होना था।
इससे सीख लेते हुए इस बार निर्णय लिया गया है कि कोई भी वाहन एकल मार्ग खासकर (शास्त्री पुल) पर नहीं खड़ा होने दिया जाएगा। अगर कोई ऐसा करते पाया गया तो उसके वाहन को सीज कर दिया जाएगा। हालांकि, सवारियां उतारने और बैठाने के लिए झूंसी और अलोपीबाग की तरफ सड़क किनारे वाहनों को खड़ा कर सकते हैं।
विज्ञापन
वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र होना जरूरी
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सावन में अक्सर कोई न कोई वाहन शास्त्री पुल के पास खराब हो जाता है जिससे जाम की समस्या बन जाती है। सबसे ज्यादा ई-रिक्शा में इस तरह की दिक्कत आती है। ऐसे में उन्होंने चालकों से अपील किया है कि अगर शास्त्री पुल से गुजर रहे हैं तो अपने साथ वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र जरूर रखें। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुल पर डीजे खड़ा करने की होगी मनाही
कांवड़ियों के डीजे को शास्त्री पुल के पास खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। यातायात प्रभारी ने बताया, डीजे को पुल के पास खड़ा कर कांवड़िये जल भरने चले जाते हैं लेकिन अब इनको काली सड़क से नीचे ले जाना होगा। जल भरने के बाद फिर वापस उसी रास्ते से डीजे को शास्त्री पुल से होते हुए कांवड़िये अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।