महाकुंभ के दौरान प्रयागराज एयरपोर्ट ने कई उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन एक दाग भी लग गया। रिकॉर्ड संख्या में यात्रियों व विमानों की आवाजाही वाला प्रयागराज एयरपोर्ट ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में पिछड़ गया है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में प्रयागराज एयरपोर्ट की रैंक में खासी गिरावट आई है। इस छमाही सर्वेक्षण में प्रयागराज एयरपोर्ट को देश में घरेलू उड़ानें संचालित करने वाले एयरपोर्ट की सूची में 37वीं रैंक मिली है। देश में पहला स्थान राजस्थान के उदयपुर एयरपोर्ट को मिला है।
ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में इस बार टॉप टेन में यूपी का एक भी एयरपोर्ट शामिल नहीं है। प्रयागराज एयरपोर्ट की बात करें तो छह माह पूर्व देश में इसकी 17वीं रैंक आई थी। जनवरी से जून 2025 का सर्वे हुआ तो प्रयागराज 20 पायदान नीचे गिरकर 37वें स्थान पर पहुंच गया है।
इसकी प्रमुख वजह महाकुंभ के दौरान यात्रियों की भीड़ रही। भीड़ की वजह से यहां यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई। उसी हिसाब से यात्रियों ने अपना फीडबैक दिया। फरवरी 2025 में एयरपोर्ट के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जब काफी संख्या में यात्री जमीन पर सोते दिखे। इन्हीं सब वजहाें से ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में प्रयागराज पिछड़ गया।
कानपुर को 18वीं तो आगरा एयरपोर्ट को मिली 20वीं रैंक
जुलाई-दिसंबर 2024 के सर्वेक्षण में टॉप टेन में रहे प्रदेश के एकमात्र गोरखपुर एयरपोर्ट की बात करें तो इस बार
इसको 39वीं रैंक मिली है। पिछले सर्वे में गोरखपुर की अखिल भारतीय स्तर पर छठवीं रैंक थी। प्रदेश में कानपुर और आगरा दो ऐसे एयरपोर्ट रहे,जो टॉप-20 में शामिल हैं। कानपुर को इस बार 18वीं व आगरा एयरपोर्ट को 20वीं रैंक मिली है। इसके पूर्व वाले सर्वे में कानपुर को प्रदेश में 27वीं तो आगरा एयरपोर्ट को 11वीं रैंक मिली थी। हिमाचल प्रदेश का गग्गल (कांगड़ा) एयरपोर्ट, जो पिछले सर्वे के दौरान टॉप पर था, उसे अब चौथी रैंक मिली है।
हर छह माह में जारी होती है सर्वे की रिपोर्ट
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से प्रत्येक छह माह में अखिल भारतीय स्तर पर ग्राहक संतुष्टि सूचकांक जारी किया जाता है। जनवरी से जून और जुलाई से दिसंबर तक की अवधि में सर्वे के आधार पर एयरपोर्ट अथॉरिटी अपनी रिपोर्ट जारी करता है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इस बार घरेलू उड़ान संचालित करने वाले देशभर के कुल 62 एयरपोर्ट का सर्वे कराया। इसमें प्रयागराज एयरपोर्ट को 5.00 में से 3.87 अंक मिले। इसके पूर्व प्रयागराज एयरपोर्ट को ओवरऑल 4.82 अंक हासिल हुए थे।
सभी 29 मानकों पर प्रयागराज एयरपोर्ट पिछले सर्वे से रहा पीछे
ग्राहक संतुष्टि सूचकांक के तहत जनवरी से जून 25 तक घरेलू उड़ान वाले 62 एयरपोर्ट पर प्राधिकरण की टीम ने वहां मौजूद सुविधाओं के बारे में यात्रियों का फीडबैक लिया। प्रयागराज एयरपोर्ट में कुल 29 मानकों पर यात्रियों से बात हुई। जुलाई-दिसंबर 24 के मुकाबले जनवरी-जून 25 के सर्वे में प्रयागराज एयरपोर्ट सभी मानकों में पीछे रहा। यहां पार्किंग सुविधाएं, एयरपोर्ट से जमीनी परिवहन, चेक इन स्टाफ की दक्षता, सुरक्षा जांच की संपूर्णता, सुरक्षा जांच के दौरान प्रतीक्षा समय, उड़ान संबंधी जानकारी, टर्मिनल में चलने की दूरी, अन्य उड़ानों से संपर्क बनाने की सुगमता, जलपान गृह, बैंक एटीएम की सुविधा, शॉपिंग सुविधाएं, वाई-फाई की सुविधा समेत सभी 29 मानकों पर प्रयागराज एयरपोर्ट को पिछले सर्वे के मुकाबले कम अंक मिले।
घरेलू उड़ान संचालित करने वाले उत्तर भारत के प्रमुख एयरपोर्ट और उनकी रैंक
एयरपोर्ट का नाम : पिछली रैंक : वर्तमान रैंक
जम्मू : 04 : 03
गग्गल (कांगड़ा ) : 01 : 04
लेह : 07 : 06
शिमला : 43 : 11
पंतनगर : 13 : 14
कानपुर : 27 : 18
आगरा : 11 : 20
कुल्लू-मनाली : 11 : 29
बरेली : 28 : 32
अयोध्या : 29 : 36
प्रयागराज : 17 : 37
गोरखपुर : 06 : 39
महाकुंभ के दौरान कई दिन 20 से 30 हजार यात्रियों का आवागमन हुआ। ऐसे में जो कमी रही उसे अब दूर किया जाएगा। प्रयास किया जाएगा कि ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में प्रयागराज एयरपोर्ट टॉप टेन में शामिल हो।
-मुकेश चंद्र उपाध्याय, निदेशक, प्रयागराज एयरपोर्ट