फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज : अनियंत्रित पिकअप से कुचलकर तीन युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Wed, 10 Aug 2022 10:18 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

सरायममरेज थाना क्षेत्र के मसाढ़ी गांव के रहने वाले सुनील कुमार भारतीया (20) निवासी मसाढ़ी और पड़ोसी नीरज उर्फ अब्दुल (22) बाइक से गोपालीपुर से कटहरा की तरफ जा रहे थे।
विज्ञापन
Prayagraj News : हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद सड़क जाम करते ग्रामीण। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेजरफ्तार पिकअप ने सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को रौंदते हुए सड़क किनारे खड़े एक अन्य युवक को भी कुचल दिया। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार शाम हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ ही ग्रामीणों का भीड़ जुट गई। तीनों मृतकों के शवों को सड़क पर रखकर लोगों ने चक्काजाम कर दिया। सूचना पर सरायममरेज सहित कई थानों की फोर्स के साथ  एसडीएम हंडिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित भीड़ को किसी तरह समझाबुझाकर शांत कराया। 

विज्ञापन


सरायममरेज थाना क्षेत्र के मसाढ़ी गांव के रहने वाले सुनील कुमार भारतीया (20) निवासी मसाढ़ी और पड़ोसी नीरज उर्फ अब्दुल (22) बाइक से गोपालीपुर से कटहरा की तरफ जा रहे थे। दोनों जैसे ही अपने गांव के सामने पहुंचे ही थे कि कटहरा से गोपालीपुर की तरफ चावल लादकर जा रहे तेजरफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और पिकअप उनके ऊपर से गुजर गई।

इसके बाद अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे खड़े मसाढ़ी के ही रहने वाले प्रेमप्रकाश (22) को भी रौंदते हुए आगे बढ़ गई। दर्दनाक हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, घटना के बाद पिकअप चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। हादसे की खबर पर देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तीनों युवकों की मौत की जानकारी परिजनों को हुई तो रोते-बिलखते वे भी आ गए।


आक्रोशित ग्रामीणों ने कटहरा गोपालीपुर मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब तीन घंटे चले चक्काजाम और हंगामे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। हादसे और चक्काजाम की खबर पर एसडीएम रमेश मौर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह लोगों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से तीनों मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में मातम छाया है।   
विज्ञापन

तीन माह में ही विधवा हो गई कंचन 
सरायममरेज के मसाढ़ी गांव में बुधवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में मृतक नीरज उर्फ अब्दुल की शादी बीते जून में ही कंचन देवी के साथ हुई थी। दुल्हन अभी कुछ दिन पहले ही ससुराल से मायके आई थी। बुधवार शाम नीरज की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर पहुंची तो कंचन दहाड़े मारकर रो पड़ी। उसके मायके व ससुराल में कोहराम मच गया। कंचन भी रोते बिलखते घटनास्थल पर पहुंची। 

चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण 
सरायममरेज के मसाढ़ी गांव में बुधवार शाम हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप चालक की गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता दिए जाने की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। जानकारी होते ही उपजिलाधिकारी हंडिया रमेश मौर्य मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। ग्रामीण एसडीएम से चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सरकारी सहायता दिलाने के आश्वासन के बाद माने और चक्काजाम समाप्त हुआ। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें