Prayagraj News : तीन किशोरों के तालाब में डूबने से मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : प्रयागराज
विसर्जन के दौरान चले गए थे गहरे पानी में
गांव के तकरीबन एक दर्जन ग्रामीण मूर्ति विसर्जित करने के लिए आगे बढ़े ही थे कि पैर फिसलने के कारण नौ लोग गहरे पानी में चले गए। इस दौरान 15 वर्षीय प्रमोद पुत्र धर्मराज निवासी सहसों, 17 वर्षीय अंकित पुत्र शिवपूजन तथा 16 वर्षीय अनिल पुत्र शिवबाबू दोनों निवासी शेख अमदपुर मीरापुर थाना थरवई समेत नौ लोग गहरे पानी में चले गए। इनमें से करन पिता जंगीलाल, राज पिता राकेश और गोरे पुत्र बजरंगी लाल समेत छह लोगों को तो बचा लिया गया, लेकिन अनिल, अंकित और प्रमोद की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
Prayagraj News : तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : प्रयागराज
रास्ते में हो गई दो लोगों की मौत
आनन-फानन में प्रमोद और अंकित को तो गहरे पानी से निकाला गया तथा 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई थी। मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने अनिल के शव को तालाब के गहरे पानी से बाहर निकाला। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। अन्य छह लोगों को भी एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया था। उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर इलाकाई पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा। मौके पर ग्रामीण भी भारी संख्या में जुट गए थे।
Prayagraj News : प्रतिमा विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से मृत किशोर अंकित, अनिल और प्रमोद।
- फोटो : प्रयागराज
घर का चिराग था प्रमोद
सहसों का रहने वाला 15 वर्षीय प्रमोद घर का चिराग था। पिता धर्मराज के तीन भाइयों में अकेला प्रमोद ही पुत्र था। वह कक्षा आठ का छात्र था। उसकी मौत से मां सोना देेवी बेसुध पड़ी रही। पिता धर्मराज मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। बेटे की मौत से परिजनों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा था।
इसी प्रकार थरवई के शेख अहमदपुर मीरापुर गांव निवासी अंकित पुत्र शिव पूजन कक्षा ग्यारह का छात्र था। पिता की साइकिल की दुकान है। बेटे की मौत से मां श्यामकली का रो-रो कर बुरा हाल था। 16 वर्षीय अनिल पुत्र शिवबाबू भी कक्षा ग्यारह का छात्र था। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता शिवबाबू सहसों के एक इंटर कॉलेज में चपरासी हैं। बेटे की मौत से मां सीमा देवी बेसुध पड़ी रही।
पुलिस को भी नहीं थी प्रतिमा विसर्जन और स्थापना की सूचना
थरवई के मीरापुर गांव के शेख अहमदपुर गांव में बगैर पुलिस को सूचना दिए चैत्र नवरात्र पर दुर्गा प्रतिमा की स्थापना की गई थी। पुलिस और प्रशासन को यह भी नहीं पता था कि नवरात्र समाप्त होने के बाद देवी मां की प्रतिमा को अंदावा के तालाब में विसर्जित किया जाएगा। बगैर किसी सूचना के गांव के सैकड़ों ग्रामीण दुर्गा प्रतिमा लेकर अंदावा तालाब पहुंचे और गहरे पानी में चले गए। इस दौरान असमय तीन किशोरों को अपनी जान गंवानी पड़ी।