सातवीं कक्षा का छात्र था सचिन
पीड़ित पिता श्यामजी पाल ने बताया कि वह क्षेत्र के एक स्कूल में चपरासी का काम कर घर परिवार चलाते हैं। उनका बेटा सचिन घर में सबसे छोटा था। वह सैनिक काॅलोनी स्थित केसी कॉन्वेंट स्कूल में सातवीं का छात्र था। उसके सभी दोस्त अच्छे थे। किसी से इतना मतलब नहीं रखता था। कभी उसने कहीं जाने की बात भी नहीं की। लेकिन, अचानक से पता नहीं क्या हो गया कि उनका बेटा उनसे दूर चल गया। पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया है। लेकिन, उसकी तलाश हो भी पाएगी कि नहीं इस बात का डर सता रहा है।
जुलाई 2021 में लापता हुआ था बड़ा बेटा
पीड़ित ने बताया कि करीब तीन साल पांच जुलाई 2021 को उनका बड़ा बेटा सागर पाल भी अचानक घर से सुबह-सुबह लापता हो गया था। वह भी सैनिक काॅलोनी के केसी कॉन्वेंट स्कूल में सातवीं में पढ़ता था। उसके लापता होने पर रिश्तेदार समेत अन्य सभी दोस्तों से जानकारी लेकर उसकी खोजबीन की गई थी। लेकिन, वह अब तक नहीं मिला। अब सचिन के भी लापता होने पर माता-पिता के आंसू एक बार फिर छलक पड़े।
थाने में बार-बार चक्कर फिर नहीं मिले बेेटे
पीड़ित ने बताया कि बड़े बेटे सागर की तलाश के लिए थाने में सैकड़ों बार चक्कर मार चुके हैं। लेकिन, पुलिस उन्हें यह कहकर वापस लाैटा देती है कि उसका कुछ नहीं पता चला है। पुलिस कभी बेटे की फोटो लाने को तो कभी विज्ञापन निकालने को कही है। ऐसे में अब छोटे बेटे के लापता होने पर फिर से थाने का चक्कर लगना शुरू हो गया है। उम्मीद है कि शायद उनके दोनों बेटे एक दिन वापस आएंगे।