उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में हैंडपंप पर नहा रही आठ वर्षीय बच्ची को हटाकर पानी पीने पहुंचे तीन युवकों ने समर्सिबल पंप बंद होने पर पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बच्ची के पेट में गोली लग गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। रानीगंज थाना क्षेत्र के मुनीका पुरवा निवासी प्रेमचंद्र पांडेय की बेटी लाली पांडेय बुधवार दोपहर अपने घर के बाहर लगे हैंडपंप पर नहा रही थी। हैंडपंप में ही समर्सिबल पंप लगा है।
इस बीच पड़ोस के तीन युवक पहुंचे और बच्ची को हटाकर पानी पीने लगे। इस दौरान समर्सिबल बंद हो गया। यह देख युवक आक्रोशित हो उठे। इससे नाराज एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लाली के पेट में लग गई।
फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन व आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। घायल लाली को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। आरोपियों की तलाश में रानीगंज पुलिस दबिश दे रही है।
गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। सीओ रानीगंज डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उनके परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। बालिका की हालत खतरे से बाहर है।