धूमनगंज निवासी महिला ने युवक और उसकी मां पर नाबालिग बेटे को बहलाकर लाखों रुपये और गहने हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने धूमनगंज पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिवपुर हौली निवासी अंजना यादव के मुताबिक, उसका 16 वर्षीय बेटा आयुष शुभम उर्फ निशांत के संपर्क में था। आरोप है कि शुभम ने जमीन दिलाने का झांसा देकर आयुष से घर में रखे करीब तीन लाख रुपये निकलवा लिए।
बाद में जब घर में रखे बक्से की जांच की तो रुपये के साथ गहने भी गायब मिले। पूछने पर बेटे ने बताया कि शुभम ने उसे 80 लाख रुपये की जमीन दिलाने का भरोसा दिया था।
अंजना का आरोप है कि शुभम और उसकी मां ने बेटे को डराकर परिवार की जमा पूंजी और गहने हड़प लिए। गहनाें में करीब 15 तोला सोना था। शुभम ने कई बार ऑनलाइन रुपये लिए। इसके साक्ष्य और कुछ वीडियो उनके पास हैं। पीड़िता ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर नकदी और जेवर बरामद कराने की मांग की है। साथ ही बेटे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।