डीएम ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग
डीएम ने बताया कि गणना प्रपत्रों को जमा कराने में राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा गया है। भाजपा, सपा व बसपा ने अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति कर दी है। इनकी संख्या 12755 है, जो बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) का सहयोग करेंगे। इसके अलावा 484 सुपरवाइजरों और 84 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भी एसआईआर से जुड़े विभिन्न कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। कुल मतदाताओं में 25,42,506 पुरुष, 21,49,884 महिला और 470 ट्रांसजेंडर हैं।
मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन नौ दिसंबर को
डीएम के अनुसार, चार दिसंबर तक मतदाताओं से फॉर्म जमा कराए जाने के बाद नौ दिसंबर को विधानसभावार मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। सूची पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि नौ दिसंबर से आठ जनवरी 2026 तक है और दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 31 जनवरी तक होगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सात फरवरी 2026 को होगा।
ऑनलाइन भर सकते हैं गणना प्रपत्र
उपजिला निर्वाचन अधिकारी पूजा मिश्रा ने बताया कि मतदाता आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से गणना प्रपत्र भर सकते हैं। ऑनलाइन भरे हुए गणना प्रपत्रों का सत्यापन संबंधित मतदेय स्थल के बूथ लेवल अधिकारी द्वारा भौतिक रूप से करने के बाद ही बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइजेशन किया जाएगा। अब तक 1147 मतदाताओं ने ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरे हैं। वोटर अपनी समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1950 एवं 0532-2644024 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
नए मतदाता बनने के लिए भी भर सकते हैं फॉर्म
उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी गणना प्रपत्रों के साथ 30 खाली फॉर्म-छह और खाली घोषणापत्र (अनुलग्नक-चार) भी ले जाएंगे ताकि नया मतदाता बनने के इच्छुक व्यक्ति को फॉर्म उपलब्ध कराया जा सके।