धूमनगंज में लिखा गया था मुकदमा, दो बाइकें भी बरामद
प्रयागराज। धूमनगंज मेें छह दिन पहले कैब बुक कर कार लूटने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लूटी गई कार के अलावा दो बाइकें भी बरामद की गईं हैं। बदमाशों ने अपने दो साथियों के भी नाम बताए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
मुंडेरा निवासी रवि प्रकाश से 29 दिसंबर की देर रात नेहरू पार्क अयप्पा मंदिर के पास उसकी टाटा जेस्ट कार लूट ली गई थी। कैब बुकिंग के नाम पर बुलाकर चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान उसे लोहे की रॉड से पीटा भी था। जांच में जुटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह मरियाडीह रोड से तीन लोगों को पकड़ा। इनके कब्जे से टाटा जेस्ट कार के साथ दो बाइकें भी बरामद हुईं। मांगने पर वह कोई कागजात नहीं दिखा पाए। पूछताछ में बताया कि कार उन्होंने 29 दिसंबर को लूटी थी। तीनों ने अपना नाम इमरान निवासी कोतवाली प्रतापगढ़, साहिल अहमद निवासी अतरसुइया व विनय कुमार उर्फ छोटू निवासी धूमनगंज बताया। साथ ही यह भी बताया कि वह रम्मन का पुरवा निवासी अपने साथी अमन राजपूत व कादर के साथ गाड़ियों को कौशाम्बी बेचने जा रहे थे।