तीनों अनी अखाड़े, पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा, पंच निर्मोही अनी अखाड़ा, पंच दिगंबर अनी अखाड़े की ओर से संयुक्त रूप से पांच जनवरी को कुंभ क्षेत्र की छावनी में धर्मध्वजा लहराई जाएगी। इसके तहत सुबह दस बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे के बीच सबसे पहले निर्मोही अनी अखाड़ा, फिर पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा और अंत में दिगंबर अनी अखाड़े की धर्मध्वजाएं स्थापित होंगी। बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता के दौरान पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्रीमहंत धर्मदास, पंच निर्मोही अनी अखाड़ा के श्रीमहंत रामकिशोर दास, पंच दिगंबर अनी अखाड़े के श्रीमहंत राजेंद्र दास ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की मौजूदगी में आयोजित समारोह में अन्य अखाड़ों के प्रतिनिधि भी रहेंगे।
इसी क्रम में सात जनवरी को केपी कॉलेज मैदान से दिन में 11.30 बजे नगर प्रवेश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा केपी कॉलेज मैदान से आरंभ होकर सीएमपी डॉट पुल को पार करते हुए बैरहना सब्जी मंडी होते हुए अलोपीबाग पहुंचेगी। यहां से अलोपशंकरी मंदिर, दारागंज स्थित निर्वाणी अनी अखाड़ा के नए ठौर गंगा भवन के सामने से मोरी गेट होते हुए पंच निर्मोही अनी अखाड़े के करीब से शास्त्री पुल के नीचे से काली मार्ग होते हुए त्रिवेणी मार्ग पर पहुंचेगी।
यहां पर प्र्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की ओर से माल्यार्पण करके संतों के स्वागत के बाद पेशवाई पांटून पुल होते हुए पंच निर्मोही अनी अखाड़े के बगल स्थित सीधे चतु:संप्रदाय में पहुंचकर पूरी होगी। कार्यक्रम में श्रीमहंत रामजी दास, श्रीमहंत मोहन दास, श्रीमहंत कृष्ण दास सहित अनेक संत शामिल होंगे।