एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत हिंदी और सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट जारी किए जाने की मांग को लेकर रविवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हजारों ट्वीट किए गए। परिणाम के लिए सोशल मीडिया पर अभियान भी चलाया जा रहा है। अभ्यर्थियों ने इस बार आरपारा की लड़ाई का निर्णय लिया है, सो 18 फरवरी को प्रदेश भर से अभ्यर्थी यहां जुटेेंगे और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का घेराव करेंगे।
एलटी ग्रेड शिक्षकों के 10768 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा 29 जुलाई 2018 को आयोजित की गई थी। दो सबसे प्रमुख विषयों हिंदी और सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट आयोग ने अब तक जारी नहीं किया है। इन दोनों विषयों की परीक्षा में पेपर आउट प्रकरण की जांच कर रही एसटीएफ अब तक किसी नतीजे तक नहीं पहुंची। वहीं, कई आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रभात कुमार और अभ्यर्थियों के बीच हुई कई चरणों की वार्ता के बाद भी अभ्यर्थियों को कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।
अभ्यर्थी 18 फरवरी से बेमियादी आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं। इससे पहले रविवार की शाम एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के हजारों अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को ट्वीट कर हिंदी और सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट जारी किए जाने की मांग की। तमाम अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को ईमेल भी भेजा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री को भी रिजल्ट के लिए ट्वीट किया गया। सोशल मीडिया पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अभ्यर्थियों से अपील की कि वे 18 फरवरी को प्रयारागज पहुंचे। रिजल्ट के लिए 18 को आयोग का घेराव किया जाएगा और इसके साथ ही बेमियादी आंदोलन शुरू किया जाएगा। एलटी समर्थक मोर्चा के संयोजक विक्की खान और मोर्चा प्रतिनिधि अनिल उपाध्याय का कहना है कि इस बार आरपार की लड़ाई होगी।