फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज : ईद पर खुदा की बारगाह में अमन के लिए उठे हजारों हाथ, गले मिलकर दी मुबारबाद

Sun, 23 Apr 2023 12:24 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

माहे रमजान के रोजे मुकम्मल होने की खुशी में ईदगाह समेत शहर की तमाम मस्जिदों में शनिवार को ईद उल फितर की नमाज अदा की गई। इस दौरान मुसलमानों ने अल्लाह के आगे शुक्र का सजदा अदा किया। मुल्क में अमन, चैन व खुशहाली के लिए एक साथ हजारों हाथ उठाकर दुआ की गई।
विज्ञापन
Prayagraj News : ईद पर चौक की जामा मस्जिद में नमाज अदा की गई। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

माहे रमजान के रोजे मुकम्मल होने की खुशी में ईदगाह समेत शहर की तमाम मस्जिदों में शनिवार को ईद उल फितर की नमाज अदा की गई। इस दौरान मुसलमानों ने अल्लाह के आगे शुक्र का सजदा अदा किया। मुल्क में अमन, चैन व खुशहाली के लिए एक साथ हजारों हाथ उठाकर दुआ की गई। ईद की नमाज के बाद एक-दूसरे से गले मिलने और मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हुआ, जोकि देर रात तक जारी रहा।

विज्ञापन


ईद की नमाज अदा करने के बाद ईदगाह से निकले नमाजियों पर पुष्पवर्षा कर भाईचारगी का पैगाम दिया गया। ईद के पर्व पर इबादतगाहों से लेकर घरों तक खुशियों का साझा किया गया। ईद की खास नमाज को अदा करने के लिए मुसलमान सुबह से ही कुर्ता पायजामा और टोपी पहनकर घर से निकले। ईदगाह, मस्जिद व इमामबाड़ों में नमाजियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शहर की सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में भी ईद की नमाज को भीड़ उमड़ी।

इस अवसर पर बच्चे, नौजवान, बुजुर्गों ने तकबीर कहते हुए ईद-उल-फितर की नमाज अदा की। सबसे ज्यादा भीड़ ईदगाह में नजर आई, जहां हजारों लोगों ने एक साथ अल्लाह की बारगाह में सिर झुकाकर सजदा अदा किया। नमाजियों ने हाथ उठाकर खुदा बंद करीम से गुनाहों की माफी भी मांगी। नमाज में मुल्क में अमन व चैन की दुआएं की गईं।

विज्ञापन
विज्ञापन

Prayagraj News : चौक स्थित जामा मस्जिद के पास ईद पर तैनात फोर्स। - फोटो : अमर उजाला।
जामा मस्जिद चौक, शिया जामा मस्जिद चक, वसीउल्ला मस्जिद रोशनबाग, अबूबकर मस्जिद करेली, मक्का मस्जिद करेली, वसीयाबाद मस्जिद करेलाबाग व काजी जी की मस्जिद समेत सभी मस्जिदों में तय वक्त पर ईद की खास नमाज अदा की गई। नमाज के बाद ईद का खुतबा सुनने के लिए भी नमाजी रुके रहे। इसके बाद एक-दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी गई।

शहर की कई मस्जिदों में जगह कम पड़ने पर दो जमात कराई गई, ताकि लोग नमाज अदा कर सकें।ईद के पर्व पर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में दिन से लेकर रात तक रौनक नजर आई। इन इलाके के लोग एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद देते और लजीज सेंवईं का जायका चखते नजर आए। ईद की नमाज के बाद मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में कई जगह मेला भी लगा। रोशनबाग, करेली, अटाला, बहादुरगंज व करेलाबाग में ईद का मेला लगा। यहां बच्चों ने झूलों का लुत्फ उठाया।

सुरक्षा के लिए मौजूद रहे पुलिस के आलाधिकारी

मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में ईद के खास पर्व पर सुबह से ही चप्पे-चप्पे पर फोर्स की तैनाती रही। पुलिस, पीएसी, आरएएफ और सिविल डिफेंस के जवान मस्जिद के आसपास डटे रहे। वहीं बड़ी संख्या में सादे ड्रेस में भी पुलिसकर्मी गश्त करते नजर आए। हाल ही में हुए अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद से सुरक्षा के चाकचौबंद इंतेजाम किए जा रहे हैं। पुलिस के कई बड़े आलाधिकारी मौके पर ही मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें