संघ की शाखाओं का देहात में विस्तार किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के नाम पर शुक्रवार को गंगापार में कार्यालय खोला गया। इस केशव सदन को गंगापार में शक्ति केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। फूलपुर में गंगापार कार्यालय के लोकार्पण अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख मिथिलेश नारायण ने कही। उन्होंने कहा कि यह संघ कार्यालय केवल ईंट -पत्थर का भवन नहीं, बल्कि संघ दर्शन की प्रेरणा का केंद्र है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्यालय के बनने से संघ कार्य 10 गुना गति से आगे बढ़ेगा।
गंगापार के जिला प्रचारक रह चुके मिथिलेश नारायण ने कहा कि संपूर्ण हिंदू समाज हमारा है, कोई भी पराया नहीं है। इस समाज के कुछ हिंदू मुझे चाहें ना चाहें, लेकिन हम उनके दीवाने हैं। हिंदू चाहे माला पहनाए या तिरस्कृत करे, सभी अपने हैं। जैसे बिगड़ैल भाई या पुत्र के साथ कोई भी सहानुभूति का ही भाव रखता है, वैसे ही संघ भी समाज के सभी वर्ग के साथ आत्मीयता का संबंध रखता है। प्रभु श्री राम पर टिप्पणी करने वालों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोग कालनेमि और पूतना की तरह हैं।इनसे सावधान रहने की जरूरत है। संघ कार्यकर्ता इन पर ध्यान दिए बिना सभी के ह्रदय में देशभक्ति जगाने के अपने अभियान में पूरी तरह तत्पर रहें।
देश में प्रचारित की जा रही कथित असहिष्णुता पर चुटकी लेते हुए मिथिलेश ने कहा कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय में महामना द्वारा भेंट किए गए संघ भवन को राजनीतिक इशारे पर तत्कालीन कुलपति द्वारा जब धराशाई करा दिया गया था, तब वह भी तो असहिष्णुता ही थी।
इनके बाद न्यास के सदस्य प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि यह कार्यालय हिंदू समाज एवं सभी स्वयंसेवकों की श्रद्धा का तथा शक्ति का केंद्र बनेगा । इस कार्यालय से पूरे जिले को प्रेरणा मार्गदर्शन ऊर्जा प्राप्त होगी। संपूर्ण हिंदू समाज की रक्षा का यह केंद्र होगा ।सभी मंडलों में शाखाएं लग रही हैं। शताब्दी वर्ष में सेवा कार्य को और भी गति देनी है। उन्होंने कहा कि बड़ा कार्यालय बनाना उद्देश्य नहीं है। कार्य बड़ा हो यह हम सभी का लक्ष्य है।
अध्यक्षता कर रहे सह प्रांत संघ चालक अंगराज ने कहा कि इस कार्यालय के निर्माण से संघ कार्य को विस्तार देने में सरलता होगी। इस मौके पर प्रांत संघ चालक डॉ. विश्वनाथ लाल निगम, प्रांत कार्यवाह मुरली पाल ने भी विचार व्यक्त किए। जन सेवा न्यास काशी प्रांत के अध्यक्ष दीनदयाल पांडेय, सह जिला संघचालक बद्रीनारायण भी मंच पर मौजूद थे।
इससे पहले अनुष्ठान में सूर्य नारायण सिंह, राजेश्वर सिंह, बेचन सिंह शामिल हुए। संचालन शिव कैलाश सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन जिला कार्यवाह बेचन सिंह ने किया। इस मौके पर अशोक उपाध्याय ,प्रांत प्रचारक मुनीश,प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. मुरारजी त्रिपाठी, प्रांत व्यवस्था प्रमुख गौरी शंकर दुबे, सह विभाग प्रचारक नितिन,गंगा समग्र के अंबरीश, भाजपा के नागेश्वर राव, भोलेंद्र, भाजपा विधायक प्रवीण पटेल, पूर्व विधायक दीपक पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीके सिंह, गंगापार भाजपा जिला अध्यक्ष अश्विनी दुबे, जमुनापार के विभव नाथ भारती, भाजपा नेता अमरनाथ तिवारी समेत तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।