10 माह में पूरी हो गई थी चयन प्रक्रिया
आयोग ने पीसीएस-2022 की चयन प्रक्रिया 10 माह में पूरी कर ली थी और यह एक रिकार्ड है। आयोग पीसीएस-2023 का परीक्षा परिणाम इससे कम समय में जारी करके एक और नया रिकार्ड बनाने की तैयारी में है। पीसीएस-2023 की मुख्य परीक्षा में पहली बार वैकल्पिक विषयों को हटाकर उनकी जगह उत्तर प्रदेश विशेष सामान्य अध्ययन के दो नए प्रश्नपत्र शामिल किए गए। पूर्व में वैकल्पिक विषयों की कॉपियों के मूल्यांकन में स्केलिंग की जाती थी। स्केलिंग की प्रक्रिया काफी जटिल है और इसकी वजह से कॉपियों के मूल्यांकन में भी वक्त लगता था।
जल्द ही शुरू हो सकता है मूल्यांकन
वैकल्पिक विषय हटा लिए जाने से अब स्केलिंग का कोई औचित्य ही नहीं रह गया है। ऐसे में मूल्यांकन के दौरान स्केलिंग की जटिल प्रक्रिया अब आड़े नहीं आएगी। स्केलिंग में अंक भी घटा और बढ़ा दिए जाते थे, जिसकी वजह से अक्सर विवाद होता था। स्केलिंग न होने के कारण अब यह विवाद भी नहीं होगा। कॉपियों का मूल्यांकन अब सामान्य रूप से होगा और अभ्यर्थियों की अब यह शिकायत भी नहीं रह जाएगी कि मानविकी के मुकाबले विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों को अधिक अंक दिए जाते हैं।
आयोग के सूत्रों का कहना है कि गांधी जयंती की छुट्टी के बाद पीसीएस मेंस-2023 की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू करा दिया जाएगा, ताकि परिणाम जल्द से जल्द घोषित किया जा सके। इस बार स्केलिंग न होने और कॉपियों की संख्या कम होने के कारण मुख्य परीक्षा का परिणाम दो से तीन माह में घाेषित किया जा सकता है। मुख्य परीक्षा में पदों की संख्या के मुकाबले तीन गुना अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया जाएगा। पदों की संख्या भी कम है। ऐसे में पिछली परीक्षा के मुकाबले इस बार इंटरव्यू के लिए भी अभ्यर्थियों की संख्या कम होगी।