संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2018 परिणाम में इस बार प्रयागराज में खास उत्साह नहीं दिखा। पिछले दो वर्षों से प्रयागराज के मेधावी देश की इस सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में चयनित होकर संगम नगरी के लोगों को जश्न मनाने का मौका देते रहे हैं लेकिन इस बार सिविल सेवा परीक्षा का परिणाम आने के बाद हॉस्टलों, डेलीगेसी और प्रमुख शिक्षण संस्थानों में भी कोई उत्साह नजर नहीं आया और न ही किसी के खाते में कोई विशेष उपलब्धि आई।
आईएएस की फैक्ट्री कहे जाने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में देर रात तक किसी छात्र के चयन की सूचना नहीं आई। वर्ष 2016 में एमएनएनआईटी से सौम्या पांडेय और वहीं के छात्र रहे अभिलाष मिश्र ने क्रमश: चौथा एवं पांचवां स्थान हासिल किया था। इस बार एमएनएनआईटी से भी देर रात तक किसी चयनित का नाम सामने नहीं आया। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रयारागज से तमाम छात्र-छात्राएं आईएएस परीक्षा की तैयारी के लिए दिल्ली जाते हैं। ऐसे में संभव है कि एक-दो दिन में प्रयागराज से भी कुछ चयनितों के सामने आएं। हालांकि बरेली में तैनात आईपीएस अफसर राजेश पांडेय की बेटी कृति पांडेय का चयन हुआ है और राजेश प्रयागराज के ही रहने वाले हैं। कृति पहले से ही आईआरएस अफसर हैं। इस बार उन्हें 389वीं रैंक मिली है।
पिछले साल प्रयागराज से बड़ी संख्या में हुआ था चयन
इस बार के परिणाम की पिछले साल से तुलना की जाए तो सिविल सेवा परीक्षा-2017 में प्रयागराज से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। हंडिया के रहने वाले अनुभव सिंह ने टॉप टेन में जगह बनाते हुए आठवीं रैंक हासिल की थी। किसान के बेटे अनुभव का लगातार दूसरी बार सिविल सेवा में चयन हुआ था। उस वक्त हंडिया तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर तैनात रहे अरविंद प्रताप सिंह का भी सिविल सेवा परीक्षा में चयन हुआ था और 161वीं रैंक मिली थी। पीसीसी के छात्र रहे जितेद्रं प्रताप सिंह को 530वीं रैक मिली थी और हॉस्टल में जमकर जश्न मनाया गया था। वहीं, कौड़िहार के एक प्राथमिक स्कूल में टीचर रहीं शीरत फातिमा को भी चयन हुआ था। इसके अलावा इविवि के छत्र रहे विक्रम गंगवार, दीप्ति देव यादव का भी चयन हुआ था। इस बार प्रयागराज के खाते में फिलहाल मायूसी ही हाथ लगी है।
जीएस वर्ल्ड का दावा, 25 से अधिक छात्रों का चयन
- जीएस वर्ल्ड कोचिंग संस्थान ने दावा किया है कि सिविल सेवा परीक्षा-2018 में संस्था के 25 से अधिक छात्रों का चयन हुआ है। संस्थान के निदेशक नीरज सिंह के अनुसार चयनितों में सुभ्रा कुमारी, रवि कुमार सिहाग, उर्वशी शेखावत, जगदीश बंगरवा, जगदीश कुमार, हिम्मत सिंह, सुनील कुमार धनवंता, बृज मोहन मीना एवं चेतराम मीनाने उच्च स्थान प्राप्त किया है।