पिछले कुछ सप्ताह से प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को हो रही बंदी की वजह से मिठाई कारोबारियों को शुक्रवार को ही जानकारी मिली कि रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व रविवार को वह अपनी दुकान खोल सकते हैं। सुबह नौ बजे के आसपास शहर में मिठाई की दुकान खुलनी शुरू हुई। सिविल लाइंस स्थित कामधेनु स्वीट्स में सुबह ही लोगों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान काजू बर्फी, मोतीचूर के लड्डू, सोहन पपड़ी, पतीसा, बालूशाही आदि को यहां लोगों ने ज्यादा खरीदा। कामधेनु स्वीट्स के इंदर मध्यान ने बताया कि प्रशासन के निर्देश के तहत रात आठ बजे दुकान बंद कर दी गई।
उधर, नेतराम स्वीट्स कटरा में भी ऐसी मिठाई ज्यादा बिकी जो जल्दी खराब नहीं होती। नेतराम के मयंक अग्रवाल ने बताया कि मेवा की मिठाई ज्यादा बिकी। इसके अलावा लोगों ने घेवर, मिल्ककेक, बेसल और मोतीचूर का लड्डू भी पसंद किया। भगवान दास प्रहलाद दास जीरोरोड के अंकित गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार रक्षा बंधन के एक दिन पहले होने वाली मिठाई की बिक्री कम हुई। हालांकि सुबह और शाम को दुकान में ज्यादा चहल पहल देखने को मिली।
उधर अल्लापुर, मुट्टीगंज, साउथ मलाका, रामबाग, तेलियरगंज, मीरापुर, अशोक नगर आदि इलाकों में मिठाई की दुकानों पर लोगों की ज्यादा आवाजाही नहीं दिखी। इसी तरह राखी की दुकानों पर भी चहल पहल कम रही। सिविल लाइंस में राखी के विक्रेता अमित ने बताया कि बंदी होने की वजह से लोग घरों से कम निकले। इस बार दुकान का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया। अब सोमवार को उम्मीद है कि राखियां बिकेंगी। वहीं साप्ताहिक बंदी की वजह से चौक, कटरा, सिविलल लाइंस, कोठापार्चा आदि इलाकों की अन्य ट्रेड की दुकानें बंद रही। गली मोहल्लों की दुकानें शहर के तकरीबन सभी मोहल्लों में खुली दिखी। इस दौरान कई दुकानों को पुलिस ने बंद भी करवाया।