Thieves took away goods worth five lakhs from the post of in-charge
प्रयागराज। धूमनगंज में चोरो के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वह पुलिसवालों के घरों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। एक ऐसी ही वारदात मेें मंझनपुर में तैनात चौकी प्रभारी मनोज उपाध्याय के झलवा स्थित घर से चोर 20 हजार नगद व जेवर समेत पांच लाख का माल ले उड़े। उन्होंने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मूल रूप से चंदौली के रहने वाले मनोज पुत्र कपिल देव उपाध्याय वर्तमान में कौशाम्बी के मंझनपुर थाना अंतर्गत टेवा चौकी प्रभारी के रूप में तैनात हैं। उनका मकान धूमनगंज मेें विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल के सामने झलवा में है जहां पत्नी व बच्चे रहते हैं। उन्होंने बताया कि दो फरवरी को परिवार गांव चला गया जबकि वह मंझनपुर में थे। शुक्रवार सुबह पड़ोसी पंकज मालवीय ने घर का ताला टूटा देख उन्हें फोन से सूचना दी। घर पहुंचने पर पता चला कि चोरों ने आलमारी का लॉकर तोड़कर 20 हजार नगद व कीमती जेवर समेत पांच लाख का सामान चोरी कर लिया था। चोरी गए जेवर में सोने की चार चूड़ी, एक चेन, चार झुमके, तीन अंगूठी, तीन जोड़ी पायल शामिल है। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल के बाद वापस चली गई। बताया कि भुक्तभोगी की तहरीर पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।