फोटो नवाबगंज 01 चोरी के बाद घर में बिखरा हुआ सामान
कौड़िहार के नेम तिवारी का पूरा गांव में बीती रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। चोर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और एक लाइसेंसी बंदूक ले गए। वारदात से पहले चोरों ने एक व्यक्ति के पालतू कुत्ते को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया था। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
चोरों ने सबसे पहले सुरक्षा गार्ड करुणेश तिवारी के घर को निशाना बनाया। उन्होंने पालतू कुत्ते को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद छत की जाली काटकर घुसे और करीब 800 ग्राम सोना, दो किलो चांदी के गहने और 1.30 लाख रुपये नकद चोरी कर ली। वे करुणेश की लाइसेंसी बंदूक और कारतूस भी ले गए।
दूसरी घटना धर्मकांटा संचालक सुरेश तिवारी के घर हुई। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर पांच तोला सोने के गहने, 600 ग्राम चांदी और डेढ़ लाख रुपये नकदी चुराए। तीसरी वारदात मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव राहुल तिवारी के मकान में हुई। चोरों ने घर से 700 ग्राम सोने के जेवर, 900 ग्राम चांदी और 25,000 रुपये नकद चोरी हुए। राहुल विगत कई माह से परिवार सहित कौड़िहार बाजार में रह रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसीपी और थाना प्रभारी डॉग स्क्वाड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये सुराग तलाश रही है। खोजी कुत्ता गांव के उत्तरी छोर पर बने एक देव स्थल से लेकर हाईवे तक गया। पुलिस अब धार्मिक स्थल और हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
तीन वर्ष पहले भी हुआ था चोरी का प्रयास
करुणेश तिवारी के मकान में तीन साल पहले भी चोरी का प्रयास हुआ था। 1997 में उनके बड़े भाई राकेश तिवारी के घर सेंध लगाते समय एक बदमाश को गोली मारी गई थी। मई 2025 में भी बुदौना गांव निवासी उदित तिवारी के घर भी चोरी हुई थी। पुलिस आज तक उस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।
वारदात के हर बिंदुओं की जांच की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से चोरों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर फॉरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वाड के माध्यम से पता लगाया गया। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा। -श्यामजीत प्रमिला सिंह, एसीपी सोरांव