मेला प्राधिकरण कार्यालय स्थित आई-ट्रिपल-सी सभागार में मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम और पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी माघ मेले की तैयारियों पर पहली बैठक हुई। इसमें पीडब्ल्यूडी को 54 टेंडर कराने हैं, जिनमें नौ पांटून पुल शामिल हैं।
इनमें से दो पुल अरैल की ओर बनाए जाएंगे। मेला प्राधिकरण सितंबर के पहले सप्ताह में भूमि समतलीकरण, स्वच्छता, तंबू और साज-सज्जा के तीन टेंडर जारी करेगा। मेला क्षेत्रफल 844 हेक्टेयर से बढ़कर 900-925 हेक्टेयर करने और सेक्टरों की संख्या सात से बढ़ाकर आठ की जाएगी।
मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को मेला क्षेत्र के मुख्य और गाटा मार्गों का नक्शा प्रस्तुत करने को कहा। जल निगम ने बताया कि मेला क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए 80 बोरवेल उपलब्ध हैं, जिनमें से 28 का उपयोग होगा। पाइपलाइन और जल निकासी के टेंडर भी सितंबर के पहले सप्ताह में जारी होंगे।
चीनी मिल के पास बस पार्किंग विकसित करने की योजना
रोडवेज अधिकारियों ने झूंसी के बजाय यहीं के चीनी मिल के पास अतिरिक्त बस पार्किंग स्थल विकसित करने की बात कही। पुलिस आयुक्त ने पार्किंग व्यवस्था की निगरानी के लिए एक विशेष विभागीय अधिकारी तैनात करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के लिए हर बृहस्पतिवार को होगी बैठक
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि अगली बैठक में सभी विभाग अपने कार्यों का विस्तृत विवरण, आवश्यक आंकड़े और कार्ययोजना का नक्शा प्रस्तुत करेंगे। माघ मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बैठक होगी। मंडलायुक्त ने मेला प्राधिकरण को वर्ष 2013 के कुंभ से अब तक के सभी मेलों के सीखने योग्य बिंदुओं को तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा है।
मेले की प्रमुख तिथियां
माघ मेला 14 जनवरी से छह मार्च 2027 तक चलेगा। प्रमुख स्नान पर्वों में 14-15 जनवरी को मकर संक्रांति और छह फरवरी को मौनी अमावस्या, 20 फरवरी को माघी पूर्णिमा और छह मार्च को महाशिवरात्रि शामिल है। सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ की जाएगी। इसमें थानों, चौकियों और अग्निशमन केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी।