सोरांव ब्लॉक स्थित 48 ग्राम पंचायतों में करीब 634 ग्राम पंचायत सदस्य निर्वाचित हैं। ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के मद्देनजर हर महीने ग्राम सचिवालय में बैठक होती है। हर बैठक में ग्राम पंचायत सदस्यों का 100 रुपये मानदेय निर्धारित है लेकिन बीते चार सालों से उनका भुगतान अटका है। सदस्यों ने कहा कि सचिव ने कई बार कागजात जमा कराए लेकिन मानदेय की पाई आज तक उनके खाते में नहीं आई है। कार्रवाई भी बस कागजों में ही सिमट गई।
ग्राम पंचायत सदस्यों के बताया कि गांवों के विकास का खाका खींचने वालों का ही भुगतान अटक गया है। त्योहार का सीजन है, बीते चार साल का भुगतान मिल जाए तो दिवाली रंग-बिरंगी हो जाएगी।
ग्राम पंचायत सदस्यों के मुताबिक उपस्थित सदस्यों को प्रत्येक बैठक में 100 रुपये और वर्ष में 12 बैठकों के एवज में अधिकतम 1200 सौ रुपये दिए जाने का आदेश दिसंबर 2021 में सरकार ने दिया था। उसरही की सदस्य रेशमी, कमलेश, केश कुमारी, उमेश, प्रदीप, ओम प्रकाश, शंकर लाल ने बताया कि मानदेय के लिए कई बार सचिव ने कागजात जमा कराए लेकिन आज तक मानदेय नहीं मिला।
बोले अफसर
आधे से ज्यादा ग्राम पंचायतों में सदस्यों के मानदेय का भुगतान हो चुका है। जिन पंचायतों के सदस्यों को मानदेय नहीं मिला है, उनका जल्द ही भुगतान किया जाएगा। - सुरेंद्र प्रसाद यादव सहायक विकास अधिकारी पंचायत।