पुराना कटर के मयूर रोड स्थित मकान नंबर 110 में आसिमा बीबी अपने परिवार के संग रहती हैं। दोपहर करीब 2:20 बजे कमरे में आग लग गई। इस दौरान आसपास के लोगों ने शोर मचाकर पानी की बाल्टी से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन, लपटें इतनी अधिक थी कि पूरे कमरे में आग फैल गई।
सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आरके पांडेय के नेतृत्व में टीम लीडर राजकुमार समेत अन्य दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। देखा कि कमरे के दरवाजे पर ताला जड़ा हुआ है। पिछले रास्ते से पहुंची टीम ने मुख्य दरवाजा तोड़कर करीब एक घंटे के बाद आग पर काबू पाया।
इस बीच पता चला कि इसी कमरे के सामने दूसरे मकान में दो बुजुर्ग व्यक्ति फंसे हुए हैं। धुआं पूरे कमरे में भर गया था। इसके बाद टीम ने दोनों बुजुर्गों को सही सलामत बाहर निकाला। घटना के वक्त दोनों व्यक्ति अपने कमरे में सो रहे थे। वहीं, मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आरके पांडेय ने बताया कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है।
पिछले कई महीने से चल रहा विवाद
पुलिस जांच में पता चला कि आसिमा बीबी का पिछले लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसके चलते उसने अपने कमरे में आग लगाकर बाहर से ताला जड़ दिया। आग में बिस्तर, फर्नीचर और कपड़े समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए। वहीं, कर्नलगंज थाना पुलिस महिला का बयान दर्जकर जांच में जुट गई है।