The woman died by jumping into a well with an innocent daughter
महिला ने मासूम बेटी संग कुएं में कूदकर दी जान
रात में निकल गई थी घर से, सुबह उतराते मिले दोनों के शव
बरौत (प्रयागराज)। हंडिया के बरौत स्थित जलालपुर गांव में रहने वाली प्रेमा देवी व उसकी पांच साल की बेटी आंचल की लाश कुएं में उतराती मिली। वह रात से ही बेटी समेत घर से गायब हो गई थी। ससुरालवाले इसे खुदकुशी का मामला बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
जलालपुर गांव के अमृतलाल पाल का बेटा माता प्रसाद सऊदी अरब में रहकर नौकरी करता है। यहां उसके माता-पिता के अलावा पत्नी प्रेमा (28) व बेटी आंचल रहती थी। माता प्रसाद की मां शांति देवी ने बताया कि रोज की तरह बृहस्पतिवार रात भी खाना खाने के बाद प्रेमा बेटी आंचल को लेकर कमरे में चली गई। सुबह बहुत देर तक नहीं दिखने पर वह उसे बुलाने कमरे में पहुंची तो दोनों कमरे में नहीं मिले।
आसपास के लोगों को जानकारी मिली तो सभी तलाश में जुट गए। इसी दौरान पास ही स्थित कुएं में महिला व बच्ची की लाश उतराती मिली। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों शव बाहर निकवाए तो पता चला कि मृतक प्रेमा व उसकी बेटी है। जानकारी पर सास-ससुर के साथ ही प्रेमा का पिता अमरनाथ भी पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में ससुरालवाले इसे खुदकुशी का मामला बता रहे हैं। लेकिन वह इसकी वजह नहीं बता पाए। पुलिस का कहना है कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। जांच पड़ताल की जा रही है।