इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों की प्रवेश परीक्षा कौन सी एजेंसी कराएगी, यह होली के बाद तय हो जाएगा। इविवि प्रशासन ने एजेंसी चयन के लिए टेंडर मांगे हैं। टेंडर 11 मार्च को खुलने की संभावना है। अगर एजेंसी का चयन समय पर हो गया तो प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया 20 मार्च से शुरू करा दी जाएगी।
इविवि प्रवेश समिति ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन से लेकर रिजल्ट जारी करने तक का खाका तैयार कर लिया है। लेकिन, प्रस्तावित कार्यक्रम पर अमल तभी किया जा सकेगा, जब निर्धारित समय सीमा में परीक्षा कराने वाली एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा। इविवि की प्रवेश परीक्षाएं निजी एजेंसी के माध्यम से कराई जाती हैं। पिछले कई वर्षों से यह समस्या आ रही है कि टेंडर पहली बार में फाइनल नहीं हो पाता है, क्योंकि एक एजेंसी ही टेंडर डालती है। ऐसे में एजेंसी फाइनल करने के लिए इविवि प्रशासन को दो से तीन बार टेंडर आमंत्रित करने पड़ते हैं।
प्रवेश समिति के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 20 मार्च से प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होनी है। 12 से 27 मई तक प्रवेश परीक्षा आयोजित की जानी है और जून में सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर लेनी है। फिलहाल एजेंसी के चयन के लिए टेंडर 11 मार्च को खुल सकता है। अगर एक बार में एजेंसी फाइनल हो जाती है तो प्रवेश परीक्षा समय से पूरी करा ली जाएगी और अगर स्थिति पिछले वर्षों जैसी होती है तो प्रवेश समिति को प्रस्तावित कार्यक्रम में संशोधन करना पड़ेगा।