स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव आचार संहिता लगने के बाद पहली बार प्रयागराज पहुंचे सूबे के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने शनिवार को शहर पश्चिम विधानसभा के कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी की विजय सुनिश्चित है। सभी कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करें।
कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ है। उनकी मेहनत से ही पार्टी सभी बूथ जीतेगी। जितने भारी अंतर से बूथ जीतेंगे उतनी ही बड़ी जीत लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिलेगी। सिद्धार्थ नाथ ने यह बातें शनिवार को झलवा स्थित नारायण गेस्ट हाउस में शहर पश्चिमी विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कही।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष में देश का अभूतपूर्व विकास हुआ। ऐसे में इस बार भी मोदी सरकार का बनना तय है। फूलपुर संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी केशरी देवी पटेल की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का पूरा कार्यकाल बेदाग रहा। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने सपा बसपा गठबंधन को ठगबंधन बताया।
कार्यक्रम का संचालन पश्चिमी विधानसभा संयोजक प्रेम नारायण केसरवानी ने किया। इस अवसर पर विधायक संजय गुप्ता, पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, अमरनाथ मौर्य, पवन श्रीवास्तव, राजू राय, रवि केसरवानी, राकेश जैन आदि मौजूद रहे।