महाकुंभ और संगम के प्रति श्रद्धा अब भी उफान पर है। हर पग संगम की ओर चले आ रहे हैं। वहीं, फाल्गुन महीने में भी लगातार छठे दिन त्रिवेणी तट पर पुण्य की डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ पार कर गई। वहीं, मेला प्रशासन का दावा है कि अब तक 58 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पतित पावनी गंगा में स्नान कर चुके हैं।
बृहस्पतिवार की भोर से ही श्रद्धालुओं का जन सैलाब संगम तट पर पहुंचने लगा। ये सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। स्थिति यह रही कि मेला क्षेत्र व आसपास के सभी प्रमुख मार्गों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। भीड़ का आलम यह है कि शनिवार से लगातार हर दिन एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया।
मेला प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रात आठ बजे तक 1.28 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। वहीं, बुधवार तक 56.75 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। इस तरह से बृहस्पतिवार राज आठ बजे तक ही स्नानार्थियों की कुल संख्या 58.03 करोड़ पहुंच गई। जबकि, इसके बाद भी स्नानार्थियाें के आने और स्नान करने का क्रम बना हुआ था।
65 करोड़ को पार कर सकती है स्नानार्थियों की संख्या
श्रद्धालुओं के आने का यही क्रम रहा तो अनुमान है कि महाकुंभ में स्नानार्थियों की संख्या 65 करोड़ भी पार हो जाएगी। महाकुंभ का आखिरी स्नान पर्व महाशिवरात्रि 26 फरवरी को हैं। पिछले तीन दिन से सवा करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान को आ रहे हैं। मेले के बचे छह दिनों में शनिवार और रविवार का अवकाश शामिल है। बचे हुए दिनों में रोजाना सवा करोड़ से भी अधिक लोगों के स्नान करने की उम्मीद है।