झूंसी में अपने मंगेतर के घर पर जहर खाकर खुदकुशी करने वाली पत्रकारिता की छात्रा प्रिंशू सिंह ने यू-ट्यूब पर वीडियो जारी कर कहा था कि कांग्रेस के पूर्व विधायक जेल में होंगे या मेरी मौत होगी। विधायक पर रेप और यौन शोषण का आरोप लगाने वाली प्रिंशू से फतेहपुर में तैनात दरोगा कालका सिंह से शादी तय हुई थी, लेकिन कुछ दिन पहले दरोगा ने शादी से इनकार कर दिया था। अब यह पुलिस की जांच में पता चलेगा कि आखिर दरोगा ने शादी से ठीक पहले क्यों इनकार कर दिया। कहीं इसके पीछे विधायक प्रकरण तो नहीं?
मूल रूप से मऊ की रहने वाली प्रिंशु भोपाल में रहकर माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता संस्थान से पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसका संपर्क कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमंत कटारे से हुआ था। दोनों के करीबी संबंधों की चर्चा उस वक्त भोपाल के राजनीतिक हलकों तक पहुंच गई थी। बाद में प्रिंशु और हेमंत के संबंधों में खटास आ गई। प्रिंशु ने हेमंत पर यौन शोषण और रेप समेत कई आरोप लगा दिए थे।
बाद में विधायक की शिकायत पर प्रिंशू को ब्लैकमेलिंग के आरोप में क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया था। जमानत मिलने के बाद प्रिंशू ने यू-ट्यूब पर वीडियो जारी कर कहा था कि ‘एक रेप विक्टिम होने के बाद भी पुलिस ने मुझे पकड़कर जेल में डाल दिया। मुझे कहीं से न्याय नहीं मिला। विधायक ने मेरी अश्लील फोटो ली। व्हाट्सएप पर पूरा रिकार्ड है। इसके बाद भी पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई से मुझे मार दिया है। अब जिंदगी खत्म हो चुकी है। मैं सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेगी।
आरोपी विधायक जेल में होगा या मेरी मौत होगी। मैं बहुत सामान्य परिवार से आती हूं। पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं। घटना से मेरी सामाजिक जिंदगी खत्म हो चुकी है।’ माना जा रहा है कि विधायक प्रकरण सामने आने के बाद ही प्रिंशु और दरोगा कालका से संबंधों पर असर पड़ा। यह पुलिस की जांच का विषय है कि आखिर दरोगा ने शादी से ठीक पहले क्यों इनकार किया। पुलिस की जांच चल रही है। दरोगा के पकड़े जाने के बाद पता चल जाएगा कि आखिर उसने क्यों शादी से इनकार किया था।
प्रिंशु की खुदकुशी की जांच कर रहे एसपी गंगापार एनके सिंह ने बताया कि उनके सामने छात्रा का सुसाइड नोट है। वे बस उसी के अनुसार जांच कर रहे हैं। विधायक से छात्रा का क्या मामला चल रहा था, यह भोपाल पुलिस जाने। यहां सुसाइड नोट और तहरीर के आधार पर दरोगा और उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दरोगा को खोजा जा रहा है। पकड़े जाने के बाद वह जो बयान देगा, उससे स्थिति और साफ हो जाएगी।