थरवई क्षेत्र के दामोदरपुर तिवारीपुर गांव में करीब तीन माह पहले हुई लगभग 40 लाख रुपये की चोरी का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। घटना का खुलासा न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे है। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त को पत्र देकर चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
दामोदरपुर तिवारीपुर गांव निवासी दयाराम यादव के घर में 14 मई की रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण और नकदी की चोरी की। घर में शादी का आयोजन था, जिसके कारण परिवार की कई महिलाओं के आभूषण घर में रखे हुए थे। चोरों ने आभूषणों के साथ नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया था। पीड़ित के अनुसार चोरी में करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। घटना के बाद थरवई पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। करीब तीन महीने बीतने के बाद भी पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस घटना के आरोपियों के करीब तक पहुंच गई थी लेकिन बाद में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त को पत्र देकर मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।