फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में शिक्षक का अपहरण, पैसे लेकर छोड़ा

Sun, 04 Oct 2015 01:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। हंडिया से शहर में इलाज की खातिर आए इंटर कॉलेज के शिक्षक का शुक्रवार रात सिविल लाइंस इलाके में अपहरण हो गया। फॉरच्यूनर सवार बदमाशों ने उसे अपहरण के बाद रात भर एक कमरे में बंधक बनाकर रखा और पत्नी को फोन कराकर छह लाख रुपये फिरौती मांगी। क्राइम ब्रांच ने घेरा कसा तो बदमाशों ने शनिवार दोपहर एटीएम से 25 हजार रुपये निकलवाने के बाद शिक्षक को कंपनी बाग के पीछे छोड़ दिया जहां से क्राइम ब्रांच ने उसे बरामद कर घटना के बारे में पूछताछ की। पुलिस का अनुमान है कि बदमाशों ने गलतफहमी में शिक्षक का अपहरण किया था।
विज्ञापन


बब्बूराम इंटर कॉलेज, किचकिला हंडिया के प्रवक्ता अनिल कुमार रावत उर्फ संजय शहर के एक न्यूरोलाजिस्ट से अपना इलाज करा रहे हैं। शुक्रवार को गांधी जयंती पर कॉलेज बंद होने की वजह से वह डॉक्टर के पास शहर आए थे। रात करीब आठ बजे अनिल ने पत्नी संगीता को फोन किया और कहा कि मैं सिविल लाइंस में हनुमान मंदिर के पास खड़ा हूं। अब देर हो गई है, इसलिए घर आने कीबजाय बहन के यहां रूक जाऊंगा। पत्नी को फोन करने के बाद अनिल बस के इंतजार में खड़े थे तभी अचानक उन्हें सफेद रंग की फॉरच्यूनर गाड़ी में खींच लिया गया। बदमाशों ने अनिल की आंखों पर पट्टी बांध दी। रात में उन्हें किसी कमरे में रखा गया। उस कमरे में दो बदमाश उनके साथ बने रहे। खाना भी दिया। आधी रात बाद अनिल के ही मोबाइल से ही पत्नी संगीता को फोन कराया। उन्होंने पत्नी से कहा कि मेरा अपहरण कर लिया गया है। छह लाख रुपये फिरौती का इंतजाम कर लो वरना कुछ भी हो सकता है। अनिल के फोन से घर में कोहराम मच गया।

 परिवार से किसी ने 100 नंबर पर सूचना दी तो पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की इंटेलीजेंस विंग प्रभारी जेपी राय भी सक्रिय हो गए। भोर में अनिल से फिर उनकी पत्नी को फोन कराकर बदमाशों ने छह लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहलाया। मोबाइल से लोकेशन हासिल कर क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी शुरू कर दी। इसी बीच दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बदमाशों ने अनिल से एटीएम कार्ड के बारे में पूछा। फिर उन्हेें पीएनबी के एटीएम के सामने उतार 25 हजार रुपये निकालकर कर लाने को भेजा।
विज्ञापन


 दहशत में डूबे अनिल ने एटीएम से पैसे लाकर दिए तो उन्हें कंपनी बाग के पीछे राज नर्सिंग होम के पास छोड़ बदमाश भाग गए। अपहर्ताओं के चंगुल से छूटने के बाद अनिल ने पत्नी को फोनकर इस बारे में बताया। तभी क्राइम ब्रांच इंटेलीजेंस विंग प्रभारी जेपी राय, हमराही जवानों जुलकर नैन, साबिर, नवीन राय, विनय राय आदि के साथ वहां पहुंचे और अनिल को एसएसपी कैंप कार्यालय ले गए। वहां से उन्हें हंडिया थाने की पुलिस आकर ले गई। पुलिस का मानना है कि अनिल को किसी और के चक्कर में उठा लिया गया था। बदमाशों की तलाश हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें