देश में इमरजेंसी के बाद हुए आम चुनाव में कांग्रेस का देश भर में सूपड़ा साफ हो गया था। तब इंदिरा गांधी की हार पर विपक्षी दल के नेता भी खूब चहके। इस दौरान ‘सवेरे वाली गाड़ी से चले जाएंगे’ गाना लोगों ने खूब गाया। तब फूलपुर संसदीय क्षेत्र से भारतीय लोकदल की कमला बहुगुणा ने 65 फीसदी से ज्यादा मत पाकर पहला स्थान प्राप्त किया। इस चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे राम पूजन पटेल को महज 26.29 फीसदी ही मत मिल सके थे। फूलपुर संसदीय सीट से तब चुनाव के मैदान में सिर्फ छह प्रत्याशी ही खड़े हुए थे।
इमरजेंसी के बाद फूलपुर संसदीय सीट पर 1977 का मतदान 16 मार्च को हुआ था। तब यहां 53.42 फीसदी वोटिंग हुई। इस चुनाव के पूर्व ही अधिकांश लोगों में कांग्रेस के प्रति खासी नाराजगी थी, जो चुनाव में दिखी। परिणाम आया तो रिजल्ट कांग्रेस के पक्ष में नहीं था। फूलपुर संसदीय सीट में भारतीय लोकदल की कमला बहुगुणा ने 65 फीसदी से ज्यादा मत पाकर पहला स्थान प्राप्त किया। फूलपुर जैसा ही रिजल्ट तमाम सीटों का रहा। कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया। इस बीच फूलपुर संसदीय क्षेत्र के तमाम स्थानों पर खूब जश्न भी मना। होली की खुमारी के बीच लोगों ने आतिशबाजी कर दिवाली जैसा माहौल कर दिया।
समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष केके श्रीवास्तव जो 1977 में भारतीय लोकदल से जुड़े हुए थे, ने बताया कि इस बीच देर रात इंदिरा गांधी के रायबरेली से हारने की खबर आकाशवाणी में चल गई। तब सूचना का सशक्त माध्यम आकाशवाणी ही था। इस सूचना के प्रसारित होने के बाद रेडियो में गाना चल गया कि ‘सवेरे वाली गाड़ी से चले जाएंगे’। यह सुनते ही लोग झूम उठे। तब यह गाना जानबूझकर चलाया गया था या अनजाने में, जो भी हो, लेकिन वह लोगों की जुबां पर इस कदर छा गया कि अगले कई दिन तक लोग यह गाना गुनगुनाते रहे।
फूलपुर संसदीय क्षेत्र के लिए 1977 में हुए चुनाव में प्रत्याशियों को मिले मतों का ब्यौरा
प्रत्याशी का नाम पार्टी मिले मत मत प्रतिशत
कमला बहुगुणा बीएलडी 205238 65.18
राम पूजन पटेल कांग्रेस 82686 26.29
दल्लन पति निर्दलीय 13854 4.40
इंदु देवी निर्दलीय 5078 1.61
सलिक राम निर्दलीय 4805 1.53
मो. इकबाल आलम निर्दलीय 3101 0.99