अयोध्या में राममंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद की ओर से नवरात्र में विजय महामंत्र का अनुष्ठान किया जाएगा। रविवार को विहिप के प्रांतीय कार्यालय केसर भवन में आयोजित बैठक में विजय महामंत्र अनुष्ठान कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में विहिप के केन्द्रीय महामंत्री संगठन विनायक राव देशपाण्डे ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कुंभ मेले के दौरान हुई धर्मसंसद में लिए गए निर्णय के तहत नवरात्र के प्रथम दिन छह अप्रैल विजय महामंत्र का अनुष्ठान देश भर में लाखों स्थान पर किया जाएगा। प्रयागराज में सौ से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम के लिए प्रत्येक पदाधिकारी को एक स्थान की जिम्मेदारी दी गई है।
न्होंने कहा कि अनुष्ठान से राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण में आ रही बाधा समाप्त होगी, ऐसा संतों का मत है। पूरे देश में तेरह करोड़ से अधिक अनुष्ठान होगें। बैठक में उन्होंने कुंभ के सफल आयोजन के लिए संगठन के सभी कार्यकर्ताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में क्षेत्र संगठन मंत्री अम्बरीश सिंह, प्रांत संगठन मंत्री मुकेश, प्रांत उपाध्यक्ष विमल प्रकाश, सुरेश अग्रवाल, अमित पाठक, अजय अग्रवाल, अश्वनी मिश्र आदि मौजूद रहे।