इलाहाबाद। डीएम संजय कुमार ने अफसरों को चेतावनी दी है कि कांवड़ियों की सुरक्षा से किसी तरह का खिलवाड़ किया तो प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी जाएगी। डीएम ने सोमवार को कावंड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर दशाश्वमेघ घाट और दुर्गा घाट का निरीक्षण किया।
डीएम ने सड़क की स्थिति एवं घाटों पर सफाई व्यवस्था को देखा।
घाटों और सड़क किनारे कुछ जगहों पर बिजली के ढीले तारों को सही कराने का निर्देश मुख्य अभियंता को दिया। साथ ही कांवड़ियों के जल भरने के स्थल दशाश्मेघ घाट से लेकर भीटी बॉर्डर तक एसडीओ, जेई एवं लाइनमैन की आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्टो में ड्यूटी लगाने को कहा।
डीएम ने अफसरों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों के मार्ग पर स्थित ढाबों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की पुष्टि कर लें। यह भी देख लें कि ढाबों में मांस-मंदिरा का सेवन न किया जाए। अगर ऐसा होता है तो ढाबा सीज कर एफआईआर दर्ज करा दी जाए। इसके अलावा डीएम ने सावन के महीने में लगने वालों मेलों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। डीएम ने अफसरों से कहा कि कांवड़ियों से अभद्रता बिल्कुल न हो। अगर कोई शिकायत मिलती है तो सीधे प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की जाएगी।