फोटो परिचय। झिरिहिरी हंडिया में विवादित जमीन का सीमांकन करती राजस्व टीम
- फोटो : samvad
बनपुरवा सरांयपीथा गांव में 22 दिन के अंतराल में संदिग्ध परिस्थिति में दो सगे भाइयों संतोष व सुशील की मौत हो गई थी। 3 जुलाई को घर के बगल फंदे से लटकते सुशील का शव मिलने के बाद विधायक हाकिमलाल बिंद सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या व साजिश की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सोमवार को राजस्व टीम ने झिरिहिरी गांव की विवादित जमीन की पैमाइश की।
मृतकों के बड़े भाई सुनील कुमार का हंडिया विधायक हाकिमलाल बिंद के गांव झिरिहिरी में ननिहाल है। नाना रामखेलावन की ओर से तीनों बेटियों लालती देवी, रामदुलारी और प्रभावती देवी को करीब 4:30 बीघा जमीन दी गई थी। आरोप है कि उक्त जमीन पर विधायक की ओर से कब्जा किए जाने के बाद भी धमकी दी जा रही थी।
सुशील की मौत के बाद परिजन व ग्रामीणों द्वारा पुलिस प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया गया था। मौके पर पहुंचीं एडीएम प्रशासन व वित्त विनीता सिंह को लालती देवी व सुनील कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर उक्त जमीन को विधायक से कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी।
एडीएम की ओर से दिए गए निर्देश के अनुपालन में पुलिस बल की मौजूदगी में तहसीलदार विनय कुमार बरनवाल और नायब तहसीलदार अनुपम त्रिपाठी की देखरेख में राजस्व टीम की ओर से करीब छह घंटे तक शिकायतकर्ता की जमीन की पैमाइश की गई। कुछ भूखंड का सीमांकन न होने से पैमाइश प्रक्रिया अधूरी ही रह गई। जिसका सीमांकन मंगलवार को किया जाएगा। इस दौरान लालती देवी व सुनील कुमार भी पुलिस की सुरक्षा में मौजूद रहे।
इधर, बीते 11 जून को छोटे भाई संतोष कुमार की मौत के मामले में उसकी पत्नी व साले के अलावा कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इनसे से साला लल्लन व पत्नी गौरी को गिरफ्तार करके पुलिस शनिवार को ही न्यायालय भेज चुकी है।
एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम गठित कर साक्ष्य इकट्ठा किया जा रहा है। आरोपी विधायक हंडिया हाकिमलाल बिंद के खिलाफ हत्या में संलिप्तता का साक्ष्य मिल जाने के बाद नियमानुसार गिरफ्तारी की जाएगी। आरोपी विधायक का फोन बंद आ रहा है।