घूरपूर - पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव घर पहुंचा तो मच गया कोहराम
- फोटो : samvad
इरादतगंज बाजार निवासी ट्रक चालक युवक ने रविवार देर रात फंदे से लटक कर जान दे दी। इससे पहले पत्नी और ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए वीडियो बनाया, जिसे रिश्तेदारों और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज बाजार निवासी अरविंद तिवारी (30) पुत्र दिवंगत दयाशंकर तिवारी मां श्यामा देवी, पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। अरविंद के तीन भाई और हैं। सभी भाई चालक हैं। दो वर्ष पूर्व उसने दो ट्रक खरीदी थी। एक खुद चलाता था और दूसरा ड्राइवर से चलवाता था।
भाई ने बताया कि कुछ दिनों से अरविंद का पत्नी से आए दिन विवाद होता था। पड़ोसियों ने बताया कि रविवार की रात भी घर में विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद वह घर से चला गया। बाहर निकलने के बाद उसने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो बनाया, जिसमें वह कह रहा है कि उसके मरने के बाद पत्नी को कुछ न मिले, साले और ससुर भी उसे आए दिन परेशान करते हैं, वह अब बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है, बर्दाश्त करने की क्षमता बहुत कम है और वह मरना चाहता है।
वीडियो को अरविंद ने अपने रिश्तेदारों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर पड़ोस के निर्माणाधीन घर में निकली सरिया में फंदा लगाकर जान दे दी। इधर, कुछ देर तक बेटे का इंतजार करने के बाद उसकी मां खोजने के लिए बाहर निकली तो देखा कि उसका शव फंदे से लटक रहा था।
थानाध्यक्ष घूरपुर अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। युवक के पास से मिले मोबाइल फोन को जांच के लिए भेजा गया है।
घूरपूर - पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव घर पहुंचा तो मच गया कोहराम- फोटो : samvad