इलाहाबाद हाईकोर्ट के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुशोभित करेंगे। समापन समारोह के आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही है। कार्यक्रम में देश भर से कई गणमान्य अतिथियों के आने की उम्मीद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो अप्रैल को इलाहाबाद पहुंचेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त राजन शुक्ला की अध्यक्षता में एक बैठक हुई जिसमें सभी विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अतिथियों के आगमन को देखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने पर चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट अपनी स्थापना की 150 वीं जयंती मना रहा है। इसका उद्घाटन समारोह गत वर्ष 13 मार्च 2016 को अयोजित किया गया था। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और भारत के मुख्य न्यायाधीश सहित सुप्रीमकोर्ट और कई राज्यों के न्यायाधीश शामिल हुए थे। समारोह पूरे वर्ष चला और इस दौरान इलाहाबाद तथा लखनऊ में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दो अप्रैल को इसका समापन होना है।