The post of ministers of Prayagraj remains intact, reduced in stature
प्रयागराज। प्रदेश मंत्रिमंडल के विस्तार में प्रयागराज का सियासी कद घट गया है। मंत्रिमंडल विस्तार के पहले ही सांसद बनीं पर्यटन मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी मंत्री पद छोड़ा। अब सरकार के प्रवक्ता कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह और नंद गोपाल गुप्ता नंदी के विभाग बदल दिए गए। सियासी गलियारों में इस फेरबदल को दोनों मंत्रियों के खिलाफ शिकायतों का परिणाम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों मंत्रियों के बारे में मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया था। दोनों मंत्रियों के विभागों की तबादला सूची निरस्त कर सीएम ने नाराजगी जाहिर की तो लोग अटकलें लगाने लगे कि संगमनगरी का प्रतिनिधित्व करने वाले दोनों मंत्रियों का पद जा सकता है।
चर्चा रही कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कुंभ में स्वास्थ्य विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग के कार्यों की सराहना के कारण दोनों मंत्रियों को ‘आशीर्वाद’ दे दिया। इससे बुधवार को मंत्रिमंडल विस्तार में सिद्धार्थ नाथ सिंह और नंदी का पद तो किसी तरह बच गया लेकिन विभागों के बंटवारे में सीएम की नाराजगी साफ दिखी। हालांकि दोनों मंत्रियों के समर्थक इसे कद घटना नहीं विश्वसनीयता का बढ़ना बताते हैं।
नंदी समर्थकों का कहना है कि विभाग कोई हो, नंदी भैया सुनते सबकी हैं। सरकार में उनका रहना ही बड़ी बात है। जबकि सिद्धार्थनाथ सिंह के मीडिया प्रभारी दिनेश तिवारी विभाग बदले जाने को ‘प्रमोशन’ बताते हैं। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी की लाल किला से की गई घोषणा को मूर्त रूप देने के लिए अब मंत्रीजी को एक नहीं आठ विभाग दिए गए हैं। इसमें एक लाख करोड़ से रोजगार और एनआरआई प्रोत्साहन, खादी-रेशम को घर-घर तक पहुंचाने समेत उद्योगों को बेहतर करने, बुंदेलखंड विकास के काम गति पकड़ेंगे।
प्रभारी मंत्री की निखरी छवि
जिले के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन ‘गोपाल’ को नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी दिए जाने को भाजपाइयों को उत्साहित करने वाला है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है अब अपनी छवि की तरह वह शहर की सूरत और बेहतर कराएंगे।