इलाहाबाद। छह दिसंबर पर शनिवार को शहर का माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए जिले की पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया था। पुलिस ने चप्पे चप्पे पर चौकसी तो रखी ही रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, होटलों और लॉज की तलाशी भी ली। पुलिस ने कई संदिग्ध को हिरासत में भी लिया। पुलिस ने रेलवे स्टेशन सिविल लाइंस की ओर से दो युवकों को पकड़ लिया। 25 से 30 वर्ष के दोनों युवकों को नीली सूमो से सादी वर्दी में आए पुलिस वालों ने पकड़ा था। युवक किसी ट्रेन से गुवाहाटी से इलाहाबाद पहुंचे थे और उनको बस से लखनऊ जाना था। पुलिस का उन पर शक इसलिए गहराया क्योंकि उनके पास टिकट नहीं था। जब युवकों के परिजनों से पुलिस की बात हो गई तो दोनों को छोड़ दिया गया।
युवकों के पास दो बड़े बैग थे जिसमें काफी सामान रखा था। दोनों युवक लखनऊ में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। पुलिस ने सिविल लाइंस, कटरा, लीडर रोड, शाहगंज के होटलों की तलाशी भी ली। बस स्टेशन की बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वायॅड से जांच करवाई गई। एसपी सिटी राजेश यादव ने खुद संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। संवेदनशील इलाकों की सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की गई।