सभी विषयों के रिजल्ट के बाद ही साफ होगी तस्वीर
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती में हिंदी, सामाजिक विज्ञान के परिणाम पर टिकी सबकी नजर
15 में से 11 विषयों का घोषित हो चुका है रिजल्ट, चार विषयों के रिजल्ट का इंतजार
प्रयागराज। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) 15 में से 11 विषयों का रिजल्ट जारी कर चुका है और चार विषयों का रिजल्ट आना बाकी है। इनमें, अंग्रेजी, जीव विज्ञान, हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय शामिल हैं। इन चारों विषयों और खासतौर पर हिंदी एवं सामाजिक विज्ञान विषय के रिजल्ट का सभी को इंतजार है, क्योंकि इन्हीं दोनों विषयों के पेपर आउट होने के आरोप लगे थे। इनका परिणाम आने के बाद तस्वीर काफी कुछ साफ हो जाएगा।
हालांकि, आयोग ने अब तक जितने विषयों के परिणाम जारी किए हैं, उनमें से ज्यादातर में योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण बड़ी संख्या में पद खाली रह गए हैं और यह चर्चा शुरू हो गई है कि अगर पेपर आउट हुए थे तो इतने पद खाली कैसे रह गए। हालांकि, मुख्य विवाद सामाजिक विज्ञान और हिंदी विषय को लेकर है। सूत्रों का कहना है कि एसटीएफ ने पेपर लीक मामले में जिन 50 अभ्यर्थियों को चिह्नित किया था, उनमें आधे से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल ही नहीं हुए थे।
जो अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और पेपर लीक मामले में एसटीएफ के निशाने पर रहे, परीक्षा में उनकी स्थिति क्या रही, यह परिणाम आने के बाद स्पष्ट हो जाएगा। हालांकि, हिंदी और सामाजिक विज्ञान के रिजल्ट को लेकर अब भी उहापोह की स्थिति बनी हुई है। पिछले दिनों अभ्यर्थी आयोग के अध्यक्ष से मिल थे, तब उन्होंने भी यही आश्वासन दिया था कि हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय को छोड़कर बाकी विषयों के रिजल्ट जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे।