कॉन्स्टेबल गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : Social Media
शिक्षक बनकर डिलेवरी ब्वॉय को जीआईसी में बुलाकर ऑनलाइन शॉपिंग का माल लेकर चंपत हो जाने का आरोपी मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाली पुलिस ने उसके कब्जे से 90 हजार रुपये मूल्य के ब्रांडेड कपड़े, जूते व अन्य सामान बरामद किए हैं। आरोपी सौरभ श्रीवास्तव दारागंज का रहने वाला है और वर्तमान में वह झूंसी में किराये पर रहता था। वह ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों से खरीदारी करता था और पेमेंट के लिए कैश ऑन डिलेवरी का विकल्प चुनता था। इसके बाद माल लेकर आने पर वह डिलेवरी ब्वॉय को जीआईसी में बुलाता था और फिर झांसा देकर सामान लेकर चंपत हो जाता था।
27 अक्तूबर को ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के डिलेवरी ब्वॉय सुनील कुमार के साथ उसने इसी तरह ठगी की थी। जिसके बाद उसने अज्ञात में एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद तीन और मामलों की शिकायत पुलिस को मिली। सीसीटीवी फुटेज देखा गया तो पता चला कि कोई अज्ञात व्यक्ति शिक्षक बनकर धोखाधड़ी कर रहा है।
एसआई कृष्णमुरारी चौरसिया ने ऑनलाइन शॉपिंग का बिल खंगाला तो मोबाइल नंबर मिला। डिटेल निकलवाने पर आरोपी का नाम मिल गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर कोतवाली अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से पांच जैकेट, ब्रांडेड जूते समेत करीब 90 हजार का सामान बरामद हुआ है।
स्टाफ से पैसे लेकर आने का देता था झांसा
सीओ सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद को शिक्षक बताकर जीआईसी में डिलेवरी ब्वॉय को बुलाता था। इसके बाद उससे कहता था कि उसके पास रुपये नहीं हैं। वह स्टाफ से लेकर आता है। इसके बाद सामान लेकर गायब हो जाता था। सीओ ने बताया कि उसे जेल भेज दिया गया है।