हाईकोर्ट में छुट्टियों के बाद बढ़ी भीड़
शहर के तमाम स्कूल 20 मई से ही बंद हैं, जबकि हाईकोर्ट में छुट्टियां एक जून से शुरू हुई हैं। इसके बाद से ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। उत्तराखंड के चार धाम की यात्रा के अधिकांश मुसाफिर ट्रेन से हरिद्वार, देहरादून या ऋषिकेश पहुंचते हैं। वहीं, तिरुपति के लिए सीधी ट्रेन न होने की वजह से प्रयागराज से जाने वाले लोग अमूमन सिकंदराबाद तक का सफर ट्रेनों से करते हैं।
इसी तरह शिरडी जाने वाले लोग मनमाड, नासिक रोड या मुंबई तक ट्रेन से पहुंचकर आगे का सफर किसी अन्य साधन से तय करते हैं। हिमाचल में ज्वाला देवी, चिंतपूर्णी जाने वाले लोग चंडीगढ़ या पठानकोट की ट्रेन, माता वैष्णो देवी जाने वाले जम्मूतवी, उधमपुर जाने वाली ट्रेन से अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। फिलहाल इन सभी स्थानों को जाने वाली ट्रेनों में इस माह बिल्कुल भी जगह नहीं है। संबंधित ट्रेनों के एसी कोच में प्रतीक्षा सूची ज्यादा लंबी है।
चंद मिनट में ही बुक हो जा रहीं तत्काल की सभी टिकट
ट्रेनों में तत्काल टिकट की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन इसका फायदा कुछ ही यात्रियों को मिल पा रहा है। प्रीतम नगर के दीपक शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को बरेली जाना था, ताकि वहां से टैक्सी द्वारा नैनीताल पहुंच सकें। बुधवार सुबह वह प्रयागराज जंक्शन पहुंचे, लेकिन जब तक उनका नंबर आता तब तक नौचंदी और हरिद्वार एक्सप्रेस के एसी थ्री कोच में तत्काल कोटे की सभी बर्थ बुक हो गईं। हिम्मतगंज के कुशाग्र श्रीवास्तव भी जंक्शन से मायूस लौटे। उन्हें उधमपुर एक्सप्रेस से पठानकोट जाना था।